भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों से परेशान है कृषक और ग्रामीणशिवपुरी विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव घूम रही है किसान स्वाभिमान यात्रा

शिवपुरी। पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देशन और जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ लढ़ा के नेतृत्व में शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामों में किसान स्वाभिमान यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा दूसरे दिन आज ग्राम धुबानी पहुंची जबकि कल पहले दिन यात्रा ग्राम मझेरा कोटा हातौद, लखनगंवा, नीमडांडा, भगोरा और बैरठ आदि गांवों में पहुंची। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धार्थ लढ़ा ने बताया कि यात्रा शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के सभी 146 मतदान केंद्रों पर 15 दिन के भीतर पहुंचेगी। उनका दावा है कि यात्रा को पहले और दूसरे दिन बहुत अच्छा समर्थन मिला। किसान भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों से परेशान है और भाजपा के कुशासन से मुक्ति चाहते हैं। किसान स्वाभिमान एवं परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ जिला कांग्रेस अध्यक्ष बैजनाथ सिंह यादव ने अपने निवास स्थान से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक गणेश गौतम, हरिवल्लभ शुक्ला, मुन्नालाल कुशवाह, आलोक शुक्ला, राजेश बिहारी पाठक, खलील खान, अब्दुल रफीक अप्पल, अनिल उत्साही, केएल राय, सिद्धार्थ सिंह चौहान सहित अनेक कांगे्रसी उपस्थित रहे। यात्रा के साथ सिद्धार्थ लढ़ा, खलील खान, अब्दुल रफीक अप्पल, सत्यम नायक, अनिल उत्साही आदि कार्यकर्ता चल रहे हैं। गांवों में पहुंचकर कांग्रेसी किसानों से हाल चाल जानते हैं तथा उनसे संवाद करते हैं। कांग्रेसियों के अनुसार किसान भाजपा सरकार के कुशासन से त्रस्त हैं और उनका कहना है कि भाजपा सरकार की नीतियों ने उन्हें रोजी रोटी के लिए मोहताज कर दिया है। बिजली का बिल एक तो अनाप शनाप आ रहा है और बिल जमा न होने पर किसानों को जेल में ठूंसा जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने किसानों को आश्वस्त किया कि यदि विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता आती है तो वह उनकी सारी समस्याओं का निदान करेंगे।






Be First to Comment