Press "Enter" to skip to content

यशोधरा राजे सिंधिया ने 16 करोड़ 31 लाख की सड़क का किया शिलान्यास, 483 करोड़ की पेयजल योजना का ग्रामीणों को मिलेगा लाभ

शिवपुरी। खेल एवं युवा कल्याण, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाकर ही देश में परिवर्तन लाया जा सकता है। श्रीमती सिंधिया आज शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोहनगढ़ में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 16 करोड़ 31 लाख की लागत से 27.23 कि.मी. लम्बाई की सुरवाया से पिछोर, गौरा, वीरा सड़क के शिलान्यास कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थी। इस दौरान उन्होंने सिंध नदी पर 4-4 करोड़ की लागत से बेरघाट एवं विची में बनाए गए स्टॉप डेमों का लोकापर्ण किया। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता पोहरी विधायक प्रहलाद भारती ने की। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती शिल्पा गुप्ता, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण आदि उपस्थित थे। 
श्रीमती सिंधिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मोहनगढ़ में 16 करोड़ 31 लाख की लागत से एनएच 25 सुरवाया से पिछोर, गौरा रोड़, मोहनगढ़ वीरा सड़क पर पुन: डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। इस सड़क पर डामरीकृत हो जाने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधाएं बढ़ेगी। जिससे लोगों का शिवपुरी एवं अन्य स्थानों पर पहुंचने पर समय की भी बचत होगी।  
श्रीमती सिंधिया ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए शासन की जनहितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं इन योजना के तहत लाभांवित हितग्राहियों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं मध्यप्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाए संचालित कर रही है। सहरिया जनजाति वर्ग की महिलाओं को आवासीय पट्टे देने के साथ-साथ सभी आवासहीनों को ढेड़ लाख की लागत के पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभांवित हितग्राहियों से कहा कि वे अपना आवास अच्छी गुणवत्ता का बनाए। उन्होंने कहा कि समूह जलप्रदाय योजना के तहत 483 करोड़ की योजना का प्रस्ताव स्वीकृति हेतु शासन को भेजा गया है। इस योजना के स्वीकृत होने पर मोहनगढ़, विची, अर्जुनगवां आदि सैकड़ों गांवों को इसका लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने गांव के तालाब का पिचिंग का कार्य 15 दिनों में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सिंगल फेस ट्यूवबेल का भी बटन दवाकर शुभारंभ किया।
श्रीमती सिंधिया ने मोहनगढ़ के नि:शक्त संग्राम सिंह गुर्जर को मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना के तहत 50 हजार रूपए की राशि के स्वीकृति पत्र प्रदाय किए। उन्होंने मोहनगढ़ एवं बिची गांव की कला मण्डली को वादयंत्रो का समूह भी प्रदाय किया। इस दौरान उन्होंने गांव में 20 हितग्राहियों को आवासहीन भूखण्ड के पट्टे भी प्रदाय किए। श्रीमती सिंधिया ने ग्राम मोहनगढ़ में उज्ज्वला योजना के तहत 6 महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन भी प्रदाय किए। श्रीमती सिंधिया ने ग्राम विची में इस योजना के तहत 9 महिलाओं को कल्याणी पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्थ पेंशन योजना, वर्ष 2016-17 के प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र भी प्रदाय किए। उन्होंने ग्राम विची में कहा कि 3 दिवस के अंदर गांव के प्रत्येक घर में बिजली कनेक्शन करने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इस दौरान बताया गया कि 80 महिलाओं के नाम आवास योजना हेतु जोड़े गए है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!