तीन साल से दहेज प्रताडऩा सहन कर रही विवाहिता ने दर्ज कराया मामला

पति, देवर और सास-ससुर पर कायम हुआ दहेज प्रताडऩा तथा मारपीट का मामला

शिवपुरी। लगातार तीन साल से दहेज के लिए ससुराल वालों का जुल्म सहन कर रही विवाहिता ने अपने पति, देवर, सास और ससुर के विरूद्ध दहेज प्रताडऩा, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी पति मनीष, देवर अमित, ससुर मांगीलाल और सास आशा के विरूद्ध भादवि की धारा 498ए, 323 और 506 का मामला कायम कर लिया है।
फरियादिया कृष्णा बाई पत्नी मनीष रजक ने पुलिस थाने में आकर शिकायत दर्ज कराई कि वह सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम ढगपीपरी की निवासी है। उसका विवाह 1 जून 2015 को कोलारस में पुरानी टंकी के पास रहने वाले मनीष रजक के साथ हुआ, लेकिन शादी के बाद से ही उसके ससुरालजनों का उस पर दहेज के लिए जुल्म शुरू हो गया। उससे मायके से एक लाख रूपये लाने की मांग की जाने लगी। जबकि उसके मायके की आर्थिक हालत इस लायक नहीं थी इस कारण वह जैसे तैसे ससुरालीजनों के जुल्म को सहन करती रही। उस पर कहर बरसाने में पति के साथ-साथ देवर, सास और ससुर का भी महत्वपूर्ण रोल रहा। यह सिलसिला 20 मई 2018 तक लगातार चलता रहा। 20 मई को दहेज की मांग के लिए ससुरालीजनों ने उसकी मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद विवाहिता ने थाने आकर आरोपियों के विरूद्ध मामला दर्ज कराया।