शिवपुरी- प्राइवेट स्कूलों में आरटीई के तहत आरक्षित 25 फीसदी सीटों पर शैक्षणिक सत्र 2018-19 में नि:शुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 जून से प्रारंभ होने जा रहे हैं। पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन के लिए अंतिम तिथि 23 जून रखी गई है। इसी बीच 11 जून से 25 जून तक पंजीकृत आवेदनों की गलतियों में सुधार का विकल्प रखा जाएगा।
स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला कलेक्टर सहित जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। नि:शुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत कमजोर वर्ग एवं वंचित समूह के बच्चों को मुफ्त प्रवेश की प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन व आवंटन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किए जाना है। ऑनलाइन आवेदन के समय आधार नंबर अनिवार्य नहीं किया जा रहा है। लेकिन दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने पर स्कूल में प्रवेश के समय आधार नंबर और आधार सत्यापन कराना अनिवार्य रहेगा। इसके लिए आवेदन फार्म पर यह लिखा जाएगा कि आधार नंबर है तो वह ऑनलाइन आवेदन में दर्ज करें और यदि आधार नहीं है तो प्रवेश के पूर्व अनिवार्य रूप से आधार नंबर तैयार करा लें।
प्रवेश के लिए वंचित व कमजोर समूह से यह हैं पात्र
वंचित समूह से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, वन भूमि के पट्टाधारी परिवार, विमुक्त जाति, नि:शुक्ल बच्चे, एचआईव्ही ग्रस्त बच्चे और कमजोर वर्ग से गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन वाले परिवार के बच्चे, अनाथ बच्चे शामिल हैं। वंचित व कमजोर वर्ग के लिए माता-पिता का दस्तावेज या मुखिया का दस्तावेज मान्य रहेगा। बच्चों को नर्सरी, केजी-1 व केजी-2 के लिए बच्चे की कम से कम उम्र 3 से 5 साल होना चाहिए। इसी तरह कक्षा 1 में प्रवेश के लिए उम्र 5 से अधिक और 7 साल तक होना चाहिए। आयु की गणना 16 जून 2018 की स्थिति में की जाएगी। लॉटरी के माध्यम से स्कूल आवंटन होता है तो आयु संबंधी मूल प्रमाण पत्र दस्तावेज सत्यापन के समय देना होगा।
आधार सत्यापन से होगा 4 से 13 जुलाई तक प्रवेश
रेंडम पद्धति से ऑनलाइन लॉटरी द्वारा सीटों का आवंटन व चयनित आवेदकों को एसएमएस पर सूचना 30 जून को दी जाएगी। 2 जुलाई से 7 जुलाई तक पोर्टल से आवंटन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। प्राइवेट स्कूल के आवंटन के बाद सत्यापन केन्द्रों में सत्यापन कर्ता अधिकारियों द्वारा सत्यापन 3 जुलाई से 10 जुलाई तक किया जाएगा। पात्र व अपात्र बच्चों की सूची बीआरसी द्वारा पोर्टल पर दर्ज कराई जाएगी। 4 जुलाई से 13 जुलाई तक पात्र बच्चों का स्कूलों में आधार सत्यापन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।






Be First to Comment