Press "Enter" to skip to content

स्कूल बस हादसा-पिछोर मे बस पेड़ से टकराई वही सतनवाडे मैं जेसीबी ने बस मैं मारी टक्कर

पिछोर में यात्री बस पेड़ से टकराई तो स्कूल बस में जेसीबी ने मारी टक्कर, 7 नौनिहाल सहित चालक घायल

शिवपुरी। खबर जिले के पिछोर से आ रही है जहाँ सोमवार के दिन को हादसों का दिन कहें तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। सोमवार को पिछोर और सतनवाडा में दो सड़क हादसे घटित हुए। इनमें 17 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहला हादसा पिछोर में घटित हुआ, जहां एक बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे बस में सवार 10 यात्री घायल हो गए।

जबकि दूसरा हादसा सतनवाड़ा एबी रोड पर घटित हुआ, जहां एक जेसीबी चालक ने एक स्कूल बस में सामने से टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार 7 नौनिहाल सहित चालक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बारातियों से भरी बस पेड़ से टकराई 10

पहला हादसा रविवार सोमवार की रात करीब 12 बजे ललितपुर जा रही बारातियों से भरी बस पिछोर के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे बस में सवार 10 बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें पिछोर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से कुछ बाराती प्राथमिक उपचार के बाद अन्य साधनों से ललितपुर रवाना हो गए। बारात में शामिल बबलू पुत्र गिरधारी केवट ने बताया कि वह बारात लेकर वापस ललितपुर जा रहे थे, तभी चालक बस को तेज गति से चला रहा था। उससे बारातियों ने कहा भी था कि बस तेज गति से न चलाए, लेकिन वह नहीं माना और पिछोर के समीप गरैठां रोड पर बस सड़क से नीचे उतरकर पेड़ से टकरा गई। इससे बस में सवार 10 बाराती घायल हो गए थे। घायलों में महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे।

स्कूली बस में सामने से मारी जेसीबी ने मारी टक्कर

दूसरा हादसा एबी रोड सतनवाड़ा पर सामने आया, जहां फिल्टर प्लांट के समीप एक जेसीबी ने गीता पब्लिक स्कूल की बस में सामने से टक्कर मार दी। इससे बस में बैठे 7 छात्रों सहित चालक घायल हो गया, जिन्हें पहले उपचार के लिए सतनवाड़ा अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। घायलों में वैष्णवी जैन, आदित्य गुर्जर, अनन्या रावत, समर पवैया, सालवी चौधरी, खुशी पवैया, हर्षित जैन, शिवदयाल ओझा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल संचालक सहित अन्य स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया और सभी घायलों का समुचित उपचार करवाया।

स्कूल बस चालक बोला अनाड़ी चला रहा था जेसीबी

स्कूल बस चालक शिवदयाल ओझा ने बताया कि जेसीबी कोई अनाड़ी चालक चला रहा था। शिवदयाल ने बताया कि जेसीबी को वह गलत साइड पर चला रहा था। उसने कई बार उससे बचने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने जेसीबी के ब्रेक तक नहीं लगाए, जिसके नतीजे में जेसीबी सीधी स्कूल बस से भिड़ गई। इससे बस में सवार छात्र-छात्राएं व वह स्वयं भी घायल हो गया।

भिड़ंत के बाद जेसीबी चालक मौके से भागा

घटना के बाद जेसीबी को चालक मौके पर ही छोड़कर भाग गया। इधर पुलिस ने स्कूल बस चालक की शिकायत पर जेसीबी के चालक पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जेसीबी को जब्त कर लिया है।

छात्र डरे हुए हादसे के बाद से

बस में सवार छात्र वैष्णवी जैन, आदित्य गुर्जर, अनन्या रावत ने बताया कि दुर्घटना होते ही बस में चीख पुकार मच गई थी। ड्राइवर अंकल ने बस को रोकने की कोशिश की, लेकिन जेसीबी सामने से आकर बस से टकरा गई। यह तो गनीमत रही कि जेसीबी का पंजा नीचे की ओर था, जो बस के अगले हिस्से से टकराया यदि वह ऊपर होता तो गंभीर हादसा हो सकता था। बस में बच्चों ने यह हादसा अपनी आंखों से देखा, जिससे वे सहमे हुए और डरे हुए नजर आए।

नगर सीमा के बाहर से लाती हैं स्कूली बच्चों को बसें

शहर के कई स्कूलों की बसें बच्चों को नगरीय सीमा के बाहर से करीब 30 किमी के फासले से लेकर स्कूल आती हैं तो छोटे वाहन भी बच्चों को ग्रामीण क्षेत्रों से शहर तक स्कूल लेकर आते हैं। यह बात समय समय पर हुई दुर्घटनाओं से पुष्ट होती रही है। बीते दिनों झांसी रोड पर एक स्कूल वैन टकरा गई थी, जबकि कुछ दिन पहले ही सिंहनिवास के आगे पोहरी रोड पर भी स्कूल बस का हादसा हुआ था।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!