करैरा।जिले के करैरा नगर में यूरिया खाद बंटवाने के लिए एसडीएम और पिछोर में तहसीलदार पहुंचे। यहां गोदाम पर खाद वितरण के लिए लाइन में पुरुष व महिला किसानों के साथ-साथ बच्चियां भी लगी रहीं। जिससे दो बोरी खाद मिल सके। बता दें कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किसानाें पर हुए लाठीचार्ज के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। इसलिए पुलिस के साथ प्रशासन भी खाद बंटवाने पहुंच रहा है। खाद वितरण में किसी भी तरह का विवाद न हो, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था के बीच खाद बंटवाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक करैरा एसडीएम उदय सिंह सिकरवार कुर्सी डालकर अधिकतर समय बैठकर खाद बंटवाते नजर आए। इसी तरह पिछोर में तहसीलदार भी गोदाम पर खाद वितरित कराने पहुंचे। इस दौरा पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौजूद रही। करैरा में टीआई राकेश शर्मा पुलिस बल के साथ किसानों को लाइन में लगवाकर खाद बंटवा रहे हैं। वहीं खाद वितरण के लिए करैरा में महिलाओं की लाइन अलग से लगवाई गई है। जिसमें बच्चियों भी लाइन में लगकर खाद लेने पहुंच रहीं हैं।






Be First to Comment