BSF के पूर्ब जवान के बेटे ने की आत्महत्या | National news


पतली दाल और जली हुई रोटी का वीडियो फेसबुक पर अपलोड करके चर्चा में आने वाले बीएसएफ के पूर्व जवान तेज बहादुर यादव के बेटे ने आत्महत्या कर ली है.

तेज बहादुर यादव के बेटे ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली. घटना के समय तेज बहादुर यादव घर पर नहीं थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश की.

जानकारी के अनुसार तेज बहादुर यादव का बेटा रोहित कुमार दिल्ली विश्वविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था. इन दिनों तेज बहादुर यादव उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हो रहे कुंभ में स्नान करने के लिए गए हुए हैं.

शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है. पुलिस घरवालों से जानकारी ले रही है कि क्या मृतक किसी तरह के तनाव से गुजर रहा था. घटना के वक्त मृतक घर में अकेला था. मृतक की मां नौकरी के लिए घर से बाहर गई हुई थी. उसने घर आकर बेटे के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई.

इसके बाद मृतक की मां ने पड़ोसियों को बताया तो लोग दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए. कमरे में तेज बहादुर के बेटे का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था. इसके बाद सभी लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस फिलहाल इस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है. मृतक के घरवालों ने मौत में साजिश की आशंका जताई है.

बता दें कि मृतक के पिता यानी तेज बहादुर यादव ने कुछ समय पहले बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) में रहते हुए फेसबुक पर कुछ वीडियो अपलोड कर दिए थे. इन वीडियो में उन्होंने खराब खाने का हवाला देते हुए कहा था कि बीएसएफ के जवानों को कड़ाके की ठंड में अच्छी डाइट नहीं मिल पा रही है. उन्होंने कहा था कि जवानों के हिस्से का राशन कुछ अधिकारी बीच में ही गबन कर देते हैं.

बीएसएफ ने तेज बदादुर यादव के आरोपों के बाद मामले की जांच के आदेश दिए थे. इस घटनाक्रम में तेज बदाहुर यादव को अनुशासनहीनता का दोषी पाया गया था और उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था.