Press "Enter" to skip to content

फसल ऋण माफी योजना के फॉर्म ततपरता से भराएँ- कलेक्टर | Gwalior news

ढिलाई मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई

कलेक्टर श्री भरत यादव ने बैठक लेकर दिए निर्देश

ग्वालियर। जय किसान फसल ऋण माफी योजना के क्रियान्वयन में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। योजना के तहत जिले में चिन्हित सभी किसानों के ततपरता से निर्धारित फॉर्म भरवाएं। साथ ही जो किसान ऋण लेने अथवा ऋण न लेने के संबंध में अपनी आपत्ति दर्ज कराना चाहते हैं, उनके गुलाबी फॉर्म भरवाए जाएँ। इसमें किसी भी तरह की ढिलाई पर सख्त कार्रवाई होगी। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री भरत यादव ने मंगलवार की शाम एक अहम बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को दिए।

यहां कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी पंचायत में जय किसान ऋण माफी योजना के फॉर्म की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने प्राथमिक सहकारी समितियों के प्रबंधकों को आगाह करते हुए कहा कि यदि किसानों की आपत्ति से संबंधित गुलाबी फॉर्म भरवाने में आनाकानी की तो दोषी कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। श्री यादव ने किसानों की आधार सीडिंग के काम में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने लीड बैंक प्रबंधक से कहा कि सभी बैंकों के माध्यम से आधार सीडिंग का काम तेजी से कराएं,  जिससे किसी भी किसान को जय किसान ऋण माफी योजना का लाभ मिलने में देरी न हो ।

कलेक्टर ने कहा कि इस योजना का क्रियान्वयन किसान कल्याण एवं कृषि विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहकारिता व राजस्व विभाग का अमला आपसी समन्वय बनाकर करें। यदि किसी भी विभाग की ओर से उदासीनता सामने आई तो संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी भी जवाब दे होंगे। बैठक में बताया गया कि जिले में जय किसान ऋण माफी योजना के तहत लगभग 69 हज़ार 123 किसानों को चिन्हित किया गया है। यदि इनके अलावा  किसी अन्य किसान को आपत्ति हो तो वह गुलाबी फॉर्म भर सकता है। इन फॉर्म की जांच करने के बाद पात्र पाए  किसानों को भी सूची में शामिल कराया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम वर्मा, एडीएम श्री संदीप केरकेट्टा, डबरा की एसडीएम श्रीमती जयति सिंह तथा कृषि, सहकारिता, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के जिला व खंड स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। 

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!