
पीडि़ता की शिकायत के बाद भी थाना प्रभारी ने समझा-बुझाकर मामले को कर दिया था रफा-दफा
शिवपुरी। शिवपुरी में अपनी पदस्थापना के बाद से ही टीआई अनीता मिश्रा सुर्खियां बटोर रही हैं। जब वह पूर्व में देहात थाने में पदस्थ थीं तब कई बार उन पर लेनदेन के आरोप लगते रहे हैं और फिजीकल थाने में भी यही हाल है, लेकिन इसके बावजूद भी वरिष्ठ अधिकारियों की मेहरबानी मैडम पर बरकरार है। इस बार मैडम पर एक युवती और उसकी माँ ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आज संजय कॉलोनी में रहने वाली एक युवती ने तेजाब पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। युवती के अनुसार उसे पड़ोस में रहने वाला रवि शाक्य नामक युवक बीते एक महीने से परेशान कर रहा है जिसकी शिकायत उसने 10-12 दिन पहले फिजीकल थाने में की। युवती के अनुसार मैडम द्वारा लड़के को मौके पर बुलाया और यह कहते हुए हमें चलता कर दिया कि लड़का तो सीधरा है और लड़की में ही कोई गलती होगी। आज जब लड़की की माँ काम पर चली गई थी और लड़की नल से पानी भर रही थी तभी रवि शाक्य अपने दोस्तों के साथ मिलकर लड़की के ऊपर कमेंट्स कस रहा था। जिससे त्रस्त होकर लड़की ने आज जान देने के उद्देश्य से तेजाब का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगडऩे लगी। इस बात की जानकारी जब युवती की माँ को लगी तो वह तुरंत उसे लेकर जिला अस्पताल में पहुंची।
इनका कहना हैं
एक लड़का मुझे परेशान कर रहा था। उसका नाम रवि है जो संजय कॉलोनी में रहता है। करीब एक महीने से परेशान कर रहा है। इसकी जानकारी थाने में दी, पर कुछ नहीं हुआ। मैडम गलती मेरी बता रही थी कि गलती लड़की की होगी।
पीड़िता
लड़का परेशान कर रहा था इसलिए लड़की ने तेजाब पी लिया। पास में रहने वाले रवि शाक्य लड़की को परेशान करता है। हमने इसकी शिकायत थाने में 10-12 दिन पहले की थी। आज फिर उसने नल पर पानी भरते समय मेरी लड़की को परेशान किया है। मैं मजदूरी करने के लिए गई थी।
पीड़िता की माँ
करीब 8 तारीख को एक लड़की अपनी माँ के साथ आई थी। उसका कहना था कि हम आस पड़ोस में रहते हैं हम लोगों को बातचीत करते हुए देख लिया तो हमारी मम्मी और भाई ने मारपीट कर दी है। दोनों पक्ष आ गए थे और उस समय लड़के एवं लड़की ने कह दिया था कि हम बात नहीं करेंगे। जैसे ही लड़की रिपोर्ट करेगी और जैसी जाँच की जाएगी वैसी कार्यवाही होगी।
अनीता मिश्रा, थाना प्रभारी फिजीकल




