शिवपुरी। खनियांधाना के ग्राम चमरौआ में गुरुवार की शाम बारात में डांस कर रहे एक युवक को डंपर ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद खुशी के माहौल में चीख पुकार मच गई।
मृतक शिवपुरी से अपने मित्र की बारात में शामिल होने पहुंचा था और वह बारात में डांस कर अपने मित्र के विवाह की खुशियां मना रहा थाना, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। पुलिस ने उक्त डंपर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार दिनारा के ग्राम अलगी में रहने वाले माखन के पुत्र का विवाह होना था और हंसी खुशी मंगलवार को बारात अलगी से खनियांधाना के चमरौआ जाने के लिए रवाना हुई और शाम को बारात दुल्हन के निवास पर जाने के लिए रवाना हुई। इस दौरान बारात में शामिल दुल्हे का मित्र कालूराम पुत्र तुलाराम केवट निवासी करौंदी कॉलोनी शिवपुरी डांस कर रहा था और बारात जब गांव में रहने वाले बद्री केवट के घर के सामने पहुंची तभी रेड्डी चौराहे की तरफ से डंपर बारात में घुस आया और डांस कर रहे कालू केवट के ऊपर चढ़ गया। डंपर के पहिए कालूराम के पेट से होकर गुजरे जिससे उसका शरीर पहियों से दबकर क्षतिग्रस्त हो गया और कालूराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद डंपर चालक डंपर को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।






Be First to Comment