डिप्टी कलेक्टर सिंडोस्कर को हटाकर जोशी को किया था पदस्थ, फिर हुआ बदलाव
शिवपुरी। पिछले साल जून में जिला शिक्षा अधिकारी परमजीतसिंह गिल के सेवा निवृत्त होने के बाद से शिवपुरी डीईओ के पद पर पहले डिप्टी कलेक्टर आरए प्रजापति और बाद में डिप्टी कलेक्टर आरबी शिंडोस्कर पर प्रभार रहा। इसके बाद पिछले महीने 14 फरवरी को स्कूल शिक्षा विभाग ने जेडी कार्यालय ग्वालियर में पदस्थ उपसंचालक विकास जोशी को शिवपुरी डीईओ के पद पर बतौर प्रभारी पदस्थ किया। जोशी को प्रभार संभाले अभी 15 दिन भी पूरे नहीं हुए थे कि शनिवार को स्कूल शिक्षा विभाग ने 23 जिलों में जिला शिक्षा अधिकारियों की नए सिरे से पदस्थापना की और इसमें शिवपुरी जिले का डीईओ सहायक संचालक जेडी कार्यालय ग्वालियर हरिओम चतुर्वेदी को बनाया गया।
कर्मचारी संघों की शिकायत के बाद हुआ था परिवर्तन
शिवपुरी डीईओ के तत्कालीन प्रभारी डिप्टी कलेक्टर आरबी शिंडोस्कर की कार्यशैली और शिक्षकों के कार्य समय पर पूरे न होने की शिकायत कर्मचारी कांग्रेस सहित अध्यापक संघों ने सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न तोमर सहित शिक्षा मंत्री से की थी जिसके बाद 14 फरवरी को जोशी को शिवपुरी डीईओ का प्रभार सौंपा गया था।
प्रभारी मंत्री ने चतुर्वेदी को डीईओ बनाने की कही थी बात
भले ही कर्मचारी संघों की शिकायत के बाद तत्समय स्कूल शिक्षा विभाग ने विकास जोशी को शिवपुरी डीईओ के पद पर पदस्थ कर दिया था, लेकिन तत्समय जब कर्मचारी संघों ने प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न तोमर से शिंडोस्कर को हटाकर विभाग के किसी अधिकारी को डीईओ बनाने की मांग रखी थी तो कर्मचारी नेताओं से तोमर ने कहा था कि एक-दो दिन में हरिओम चतुर्वेदी का आदेश हो जाएगा और वे ही शिवपुरी डीईओ होंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि विभाग द्वारा जोशी को पदस्थ करने के बावजूद मंत्री के दखल के बाद परिवर्तन कर उनके कहे अनुसार चतुर्वेदी को शिवपुरी पदस्थ कर दिया गया।
निष्पक्ष परीक्षा और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाना प्राथमिकता : चतुर्वेदी
शनिवार को शिवपुरी डीईओ के पद पर पदस्थ किए गए हरिओम चतुर्वेदी ने दूरभाष पर चर्चा में कहा कि वे शिवपुरी जिले से भली-भांति परिचित हैं और जिले में कार्यभार ग्रहण करने के बाद उनकी पहली प्राथमिकता वर्तमान में चल रही बोर्ड परीक्षाओं का निष्पक्ष, शांतिपूर्ण संचालन रहेगा। परीक्षा में नकल न हो इस पर विशेष फोस रखेंगे। साथ ही सभी स्कूलों का संचालन समय पर हो और शैक्षणिक गुणत्ता बेहतर से बेहतर हो इसके लिए वे सतत प्रयास करेंगे।






Be First to Comment