
पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी भी मान चुके हैं कि जैश का सरगना मौलाना मसूद अजहर उनके ही देश में मौजूद है।
इस्लामाबाद। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारतीय वायु सेना की एयर स्ट्राइक और जबर्दस्त अंतरराष्ट्रीय दबाव से बौखलाए पाकिस्तान ने एक बार फिर पैंतरेबाजी का खेल शुरू कर दिया है। पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को दावा किया कि जैश-ए-मुहम्मद का पाकिस्तान में अस्तित्व ही नहीं है। जबकि पुलवामा हमले के बाद जैश-ए-मुहम्मद ने ही हमले की जिम्मेदारी ली थी और पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी भी मान चुके हैं कि जैश का सरगना मौलाना मसूद अजहर उनके ही देश में मौजूद है।
इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आइएसपीआर) के महानिदेशक मेजर जनरल आसिफ गफूर ने यह भी कहा कि भारतीय वायु सेना के पायलट अभिनंदन को रिहा करके पाकिस्तान ने शांति की पहल कर दी है और अब गेंद भारत के पाले में है। उन्होंने चेतावनी देने के अंदाज में कहा कि अगर भारत ने अब तनाव और बढ़ाने का फैसला किया तो हालात और खराब हो जाएंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘नियंत्रण रेखा पर हम आमने सामने हैं। वहां दशकों से सेनाएं मौजूद हैं। लेकिन भारतीय हमले और हमारे जवाब के बाद दोनों पक्षों ने सुरक्षात्मक उपाय किए हैं।’
उच्चायुक्त को वापस भेजेगा पाक
पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने बुधवार को कहा कि उनका देश भारत के साथ तनाव घटाने के लिए बातचीत को तैयार है और वह अपने उच्चायुक्त सुहैल महमूद को वापस भारत भेज रहा है।
जमात-उद-दावा की संपत्तियां जब्त
पाकिस्तान में मंगलवार को प्रतिबंधित किए गए हाफिज सईद के संगठनों जमात-उद-दावा और फलाह-ए-इंसानियत फाउंडेशन की कई संपत्तियों को बुधवार को जब्त कर लिया गया। साथ ही दोनों संगठनों के कई मदरसों को भी सरकार ने अपने नियंत्रण में ले लिया है।
पाक का दावा, भारत के दो विमान मार गिराए
पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने बुधवार को संसद में दावा किया कि पाकिस्तानी वायु सेना ने भारतीय वायु सेना के दो विमानों को मार गिराया था। इसके लिए उन्होंने पाकिस्तानी पायलटों की तारीफ की।






Be First to Comment