
चालू कराया फोरलेन बायपास, शहर में रूका भारी वाहनों का प्रवेश
हैवी ट्रेफिक आने के कारण कई लोग हो चुके थे मौत के शिकार
शिवपुरी। कल से नया फोरलेन बायपास शुरू कर जनता ने शासन और प्रशासन के पास साफ संदेश पहुंचाया है कि यदि वह जनभावनाओं को नहीं समझते तो उन्हें स्वयं पहल कर कार्यवाही करनी होगी। ग्वालियर से देवास तक फोरलेन के निर्माण के बाद भी शिवपुरी में फोरलेन बायपास चालू नहीं हो पा रहा था। इस बायपास के शुभारंभ की शिवपुरी की जनता प्रतीक्षा कर रही थी, क्योंकि बायपास शुरू न होने से हैवी ट्रेफिक शहर में आ रहा था और जिसके फलस्वरूप तीन चार माह में आधा दर्जन लोगों की मौत हो चुकी थी। लेकिन न तो शासन सुन रहा था और न ही एनएचएआई बायपास शुरू करने के लिए कोई ध्यान नहीं दे रही थी। नेता भी आए दिन बयानवाजी कर पतली गली से निकल रहे थे। ऐसी विकट स्थिति में कुछ जागरूक लोगों ने कल से स्वयं पहल कर नवनिर्मित बायपास से वाहन निकालना शुरू कर दिए जिससे शहर में हैवी ट्रेफिक का लोड काफी कम हो गया। फोरलेन निर्माण करने वाली एस्सेल इन्फ्रा कंपनी ने बायपास में रूके अधूरे काम पूरे करने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रही थी। 8 महीने से काम बंद पड़ा था। टोल में नुकसान होने के कारण कंपनी ने टर्मिनेशन नोटिस विभाग को दे दिया था। जिसके कारण फोरलेन बायपास चालू नहीं हो पा रहा था और हैवी ट्रेफिक शहर में निकलने से अराजक स्थिति बनी हुई थी। इससे लोगों ने स्वयं पहल करने का निर्णय लिया और फोरलेन बायपास वाहनों के लिए खोल दिया। इससे शिवपुरीवासियों ने राहत की सांस ली है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना रोकने के लिए पुलिस ने दोनों बायपास पर पुलिस बल तैनात कर दिया है।
इनका कहना है-
फोरलेन बायपास हमने प्रारंभ नहीं किया है। अभी भी काफी काम बकाया है। बायपास पूरी तरह निर्माण न होने के कारण वाहन गुजारना सुरक्षा की दृष्टि से ठीक नहीं है। हमारी कंपनी ने पहले से ही प्रोजेक्ट से टर्मिनेट होने का निर्णय ले लिया है।
राकेश सिन्हा, प्रोजेक्ट इंचार्ज, एस्सेल इन्फ्रा ग्वालियर-शिवपुरी टोल रोड़
इनका कहना है
कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारा मुख्य कर्तव्य है। फोरलेन कुछ लोगों ने स्वयं ही शुरू किया है जब हमें इसके बारे में पता चला तो व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों बायपास पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं। इससे अधिक इस मामले में मैं कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूं।
राजेश हिंगणकर, एसपी शिवपुरी






Be First to Comment