मुख्य कार्यपालन अधिकारी वर्मा ने किया अवलोकन
शिवपुरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक किए जाने हेतु जिले में आयोजित विभिन्न गतिविधियों के तहत रविवार को जिला मुख्यालय पर स्थित मानस भवन शिवपुरी में महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं द्वारा रंग-बिरंगी रंगोली के माध्यम से मतदाताओं को जानकारी प्रदाय कर मतदान के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर मानव श्रृंखला भी बनाई गई।
जिला पंचायत के सीईओ एचपी वर्मा ने मानस भवन पहुंचकर रंग-बिरंगे रंगोली, स्लोगन एवं चित्रों के माध्यम से, दी गई जानकारी की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से जहां मतदाता अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होंगे, वहीं अन्य मतदाता भी मतदान के लिए प्रेरित होंगे। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी आेपी पांडे ने बताया कि शिवपुरी नगर के 128 आंगनवाड़ी के लगभग 200 कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा आकर्षक रंगोली के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया है। इस मौके पर लोकसेवा गारंटी के जिला प्रबंधक रवि शर्मा सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित थे।




