शिवपुरी। करैरा के ग्राम खड़पुरा के पास सोमवार की सुबह दो नकाबपोश युवकों ने बाइक से आ रहे एक युवक पर कट्टे से फायर कर उसे घायल कर दिया। आरोपितों ने पीड़ित युवक की बाइक को हाथ देकर लिफ्ट मांगी थी, लेकिन जब पीड़ित ने बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने उस पर फायर कर दिया। घटना के बाद पीड़ित युवक घायल होकर जमीन पर गिर गया। जिसे देखकर आसपास के लोग वहां आए तो दोनों आरोपित मौके से भाग निकले। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों के खिलाफ प्रकरण कायम कर लिया है।
जानकारी के अनुसार अजब सिंह पुत्र वीर सिंह यादव निवासी खड़पुरा सोमवार सुबह 10:30 बजे के लगभग अपनी बाइक पर सवार होकर करैरा से गांव जाने के लिए निकला था। सुबह करीब 11 बजे जैसे ही वह खदाई वाले बाबा के पास मौजा खड़पुरा पहुंचा तभी रास्ते में उसे मुंह पर कपड़ा बांधे दो युवक दिखाई दिए जिन्होंने बाइक को रोकने के लिए हाथ दिया। लेकिन अजबसिंह ने शंका के चलते बाइक नहीं रोकी और वह बाइक को स्पीड में वहां से निकाल ले गया जिस पर बदमाशों ने अजब सिंह पर फायर कर दिया जो उसके कंधे पर लगा जिससे उसको चोट आकर खून निकलने लगा और वह जमीन पर गिर गया। गोली की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे कुछ ग्रामीण सड़क की ओर दौड़े जिन्हें देखकर दोनों बदमाश भाग खड़े हुए। बाद में पीड़ित को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण कायम कर लिया है।





Be First to Comment