Press "Enter" to skip to content

हिरासत में युवक की मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया पिटाई का आरोप, टीई समेत 5 सस्पेंड ! Bhopal News

  • अस्पताल में शव के पास बैठे पिता एवं अन्य परिजन।
  • परिजनों का आरोप- कार दुर्घटना के बाद पुलिस ने थाने में बेरहमी से की पिटाई
  • गृहमंत्री बाला बच्चन ने उच्च स्तरीय जांच का दिया आश्वासन, मृतक के पिता पुलिस में

भोपाल. राजधानी भोपाल में एक युवक की पुलिस हिरासत में मौत हो गई। परिजनों ने पुलिसकर्मियों की पिटाई से युवक की मौत होने का आरोप लगाया। राज्य के गृहमंत्री बाला बच्चन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच का आश्वासन दिए हैं। आईजी योगेश देशमुख ने बैरागढ़ थाने के टीआई अजय मिश्रा, एसआई राजेश तिवारी सहित 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
मृतक की शिनाख्त शिवम मिश्रा के तौर पर हुई है। युवक के पिता स्वयं पुलिस में हैं और साइबर सेल में पदस्थ हैं।  परिजनों का कहना है कि शिवम मंगलवार रात अपने दोस्त गोविंद के साथ कार से कहीं जा रहा था। रास्ते में बीआरटीएस कॉरिडोर की रैलिंग से उनकी कार टकरा गई।
परिजनों का आरोप है कि दोनों को कोई चोट नहीं लगी थी। लेकिन, वहां पास ही खड़ी डॉयल 100 वाहन दोनों को पुलिस थाने ले गई और हिरासत में दोनों को बुरी तरह से पीटा। इसी बीच स्थिति बिगड़ने पर पुलिस शिवम को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका दूसरा साथी गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती है।
शिवम की मौत के बाद परिजन बुधवार तड़के अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने पुलिस पर मृतक की सोने की चेन और अंगूठी लूटने का आरोप भी लगाया। डीआईजी इरशाद वली भी हमीदिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय विधायक रामेश्वर शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। हंगामे की आशंका के मद्देनजर अस्पताल परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
 
परिजनों ने कहा कि जब शिवम की थाने में पिटाई हो रही थी तो उस वक्त मृतक शिवम के चाचा जो इंदौर में सब-इंस्पेक्टर हैं, उन्होंने बैरागढ़ टीआई अजय मिश्रा को फोन लगाकर इसकी जानकारी दी थी और अपने भतीजे को छोड़ने की गुहार लगाई थी। लेकिन इसके बावजूद शिवम को बेरहमी से पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। परिजनों ने पिटाई करने वाले पुलिसवालों के साथ ही बैरागढ़ टीआई को बर्खास्त करने की मांग की।
परिजन के आरोप गंभीर हैं। आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। अगर कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ विधिवत् कार्रवाई होगी। मृतक युवक का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!