BALLA : बैटिंग में आकाश की मदद कर रहे थे गुंडे, छह की तलाश में रातभर छापे ! Indore News

Image result for akash vijayvargiya batting
इंदौर। जर्जर मकान तोड़ने आए निगम अफसर की पिटाई करने के दौरान विधायक आकाश विजयवर्गीय के साथ सूचीबद्ध बदमाश भी शामिल थे। पुलिस ने गुरुवार रात वीडियो फुटेज देख छह आरोपितों को नामजद सहअभियुक्त बनाया। रातभर उनकी तलाश में छापे मारे, लेकिन वे घरों से फरार हो गए। पुलिस इनकी गुंडा फाइल भी तैयार कर रही है।
एमजी रोड थाना टीआई राजेंद्र चतुर्वेदी के मुताबिक बुधवार दोपहर गंजी कंपाउंड में जर्जर मकान तोड़ने आए जोनल अधिकारी धीरेंद्र बायस की भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय ने क्रिकेट के बल्ले से पिटाई कर दी थी। पुलिस ने आकाश को तो गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन अन्य की पहचान नहीं हुई। गुरुवार रात फुटेज और निगम अफसरों के बयान के आधार पर गुंडे भरत खश व उसके भाई जीतू उर्फ जितेंद्र खश, मोनू कल्याणे, जितेंद्र शर्मा,अभिषेक गौड़ और पंकज पांडे को भी आरोपित बना दिया। टीआई के मुताबिक आरोपित भरत, मोनू और जीतू के खिलाफ कई केस दर्ज हैं। भरत व मोनू का गुंडा सूची में नाम है।

वकील के साथ थाने पहुंची महिला, जेडओ पर लगाया आरोप
पुलिस ने उस महिला के आवेदन पर भी जांच शुरू कर दी, जिसका मकान तोड़ने निगम अमला पहुंचा था। शुक्रवार दोपहर महिला वकील के साथ थाने पहुंची और जांच अफसर के समक्ष बयान दर्ज करवाए। महिला ने जेडओ धीरेंद्र बायस पर धमकाने और छेड़छाड़ का आरोप लगाया। उसने कहा बायस कर्मचारियों के साथ जबर्दस्ती घर में घुस गए। उन्हें गालियां दीं और धक्कामुक्की कर अश्लील हरकतें भी की। टीआई के मुताबिक अभी जांच चल रही है। इसके बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित खबरें