गुप्ता परिवार की 200 करोड़ की शादी के बाद निगम ने औली से 321 क्विंटल कचरा उठाया ! National News

high-profile Gupta family wedding ceremoney in auli garbage Uttrakhand

  • जोशीमठ निगम ने गंदगी फैलाने के लिए गुप्ता परिवार पर 2.5 लाख जुर्माना लगाया
  • नगर निगम ने कचरा इकट्ठा करने का 8.14 लाख रुपए बिल भी तैयार किया है
  • आयोजन स्थल पर पर्यावरण को नुकसान को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई हो रही

देहरादून. दक्षिण अफ्रीका के उद्योगपति अजय गुप्ता के बेटे सूर्यकांत की शादी पिछले दिनों उत्तराखंड के औली में हुई थी। इस हाई-प्रोफाइल शादी पर करीब 200 करोड़ रुपए खर्च किए गए। लेकिन इसके बाद आयोजन स्थल पर कचरे का अंबार लग गया। रविवार को जोशीमठ नगर निगम के अफसरों ने बताया कि अब तक 321 क्विंटल से ज्यादा कचरा साफ किया जा चुका है। निगम अब गंदगी फैलाने के लिए गुप्ता परिवार से जुर्माने और कचरा उठाने के बिल के 10 लाख से ज्यादा रुपए वसूलेगा।
निगम के सीईओ एसपी नौटियाल ने बताया कि औली अब पूरी तरह साफ हो चुका है। गंदगी फैलाने के लिए गुप्ता परिवार पर 2.5 लाख जुर्माना लगाया। इसके अलावा कचरा इकट्ठा करने का 8.14 लाख रुपए बिल भी तैयार किया है। जुर्माने और बिल की कॉपी परिवार के साथ इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को भी भेजी गई है। गुप्ता परिवार अब तक 5.54 लाख रुपए निगम को दे चुका है। जल्द ही जुर्माने और सफाई के बिल के पूरे भुगतान की बात कही है।
13 अफसरों की टीम ने कचरे की वीडियोग्राफी की
शादी से पर्यावरण को हुए नुकसान की भरपाई के लिए उत्तराखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई थी। इस पर कोर्ट ने जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से 7 जुलाई तक रिपोर्ट मांगी है। इस मामले में अगली सुनवाई 8 जुलाई को होगी। पिछले दिनों कोर्ट के आदेश पर 13 अफसरों की टीम ने आयोजन स्थल का दौरा कर वीडियोग्राफी की थी। पिछले हफ्ते निकाय अफसरों ने कहा था कि इतना ज्यादा कचरा जमा है कि इसे 30 जून तक ही साफ किया जा सकता है।
समारोह में रामदेव, कैटरीना समेत कई हस्तियां शामिल हुईं
औली में उद्योगपति अजय गुप्ता के बेटे सूर्यकांत का शादी समारोह 18 से 20 जून के बीच हुआ था। इसके बाद 20 से 22 जून तक शशांक गुप्ता के बेटे अतुल की शादी भी यहीं पर हुई। समारोह के लिए औली के करीब-करीब सभी होटल और रिजॉर्ट बुक थे। इसमें मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत, बाबा रामदेव और कई बॉलीवुड स्टार शामिल हुए थे। गुप्ता परिवार ने मेहमानों को लाने के लिए चॉपर्स भी किराए पर ले रखे थे। स्विट्जरलैंड से फूल मंगवाए गए थे।