
- कनाड़िया थाने पर सुबह 8 बजे चोरी की रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंचा था पीड़ित
- साढ़े 9 बजे बाद भी काफी देर इंतजार करने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज की
इंदौर. कुछ समय पहले एसपी युसूफ कुरैशी द्वारा रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मी थाने में सोते मिले थे, तो कहीं पार्टी चल रही थी। एक ऐसा ही मामला फिर से सामने आया है। इस बार कनाड़िया थाने में चोरी की रिपोर्ट लिखाने पहुंचे युवक को पुलिस जवान ने यह कहते हुए जाने को कह दिया कि अभी सो रहे हैं। सुबह थाने पहुंचे युवक काे गेट पर कुत्ता बैठा मिला, वहीं भीतर जवान टेबल पर सोते मिले। एक घंटे बाद भी युवक को रिपोर्ट लिखाने के लिए इंतजार करना पड़ा।
पीड़ित अंकित गोन ने बताया कि वह एक ई-कॉमर्स कंपनी में स्टोर मैनेजर के पद पर है। गुरुवार शाम को वह परिवार के साथ ससुराल गया हुआ था। रात में वहीं रुक गया, सुबह पड़ोसी का कॉल आया कि आपके घर का ताला टूटा हुआ। शायद चोरी हुई है। सूचना के बाद तत्काल घर पहुंचा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। आलमारी से चोर 50 हजार रुपए नकद और एक लाख रुपए की ज्वैलरी ले गए थे।
परिवार को घर पर छोड़कर मैं रिपोर्ट लिखाने सुबह 8 बजे थाने पहुंचा तो वहां चैनल गेट आधा लगा हुआ था और कुत्ता बैठा हुआ था। भीतर दाखिल हुआ तो टेबल पर एक कांस्टेबल सो रहे थे। मैंने उन्हें उठाते हुए कहा कि मेरे घर पर चोरी हो गई है। आप रिपोर्ट लिखकर मेरे साथ चलिए। इस पर कांस्टेबल ने कहा कि तुम अभी जाओ 9 बजे अब थाना खुलेगा तब आना, अभी सभी सो रहे हैं।
यह कहकर वह अपनी नींद लेने लगा। इसके बाद मैं साढ़े 9 बजे फिर से थाने पहुंचा तो भी मुझे रिपोर्ट लिखवाने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। जवान वहीं आराम से साे रह थे, पास ही हथकड़ी, चालान डायरी, हथियार सहित अन्य सामान रखे हुए थे, लेकिन उनकी सुरक्षा करने वाले नींद फरमा रहे थे।





Be First to Comment