
नई दिल्ली। चाइनीज वीडियो ऐप टिकटॉक ने अपने प्लेटफॉर्म्स से 60 लाख विडियो को डिलीट कर दिया है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि ये वीडियो भारत के कॉन्टेंट गाइलाइन का उल्लंघन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने प्लेटफॉर्म पर गैरकानूनी और अश्लील कॉन्टेंट को रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था पर काम करती है।
कंपनी ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है, जब भारत में रेगुलेटरी संबंधी नीतियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में सरकार ने नोटिस भेजकर टिकटॉक से दो दर्जन सवालों के जवाब भी मांगे हैं। इसमें गैरकानूनी तरीके से बच्चों द्वारा अश्लील और राष्ट्र-विरोधी कॉन्टेंट को लेकर भी सवाल किया गया है।
टिकटॉक इंडिया के सेल्स और पार्टनरशिप डायरेक्टर सचिन शर्मा ने कहा कि यूजर्स को कौशल और रचनात्मकता को दिखाने के लिए सुरक्षित और सकारात्मक इन-ऐप इन्वाइरनमेंट देने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि टिकटॉक किसी भी तरह से ऐसे कॉन्टेंट को प्रमोट नहीं करता, जो कम्युनिटी की गाइडलाइन का उल्लंघन करता हो।
टिकटॉक की पैरंट कंपनी बाइटडांस (Bytedance) ने भी कहा कि भारत में इस ऐप के 20 करोड़ यूजर्स हैं। ऐप पर नए यूजर्स के जुड़ने के साथ ही ऐप का कॉन्टेंट ट्रैफिक भी लगातार बढ़ रहा है। सचिन शर्मा ने कहा कि भारत में टिकटॉक 10 भाषाओं में उपलब्ध है। हम ऐप पर गलत कॉन्टेंट को रिलीज होने से पहले ही उसे रोकने की दिशा में काम कर रहे हैं।
सचिन ने कहा कि कंपनी ने पॉजिटिव इन-ऐप इन्वाइरनमेंट देने के लिए और कम्युनिटी गाइडलाइन्स का उल्लंघन करने वाले 60 लाख विडियो जुलाई 2018 से अब तक डिलीट किए हैं। कंपनी का दावा है कि कम्यूनिटी गाइडलाइन ट्रांसमिट होने वाले कॉन्टेंट की जांच करती है।
कंपनी यह पता लगाने का काम करती है कि पोस्ट किया जाना वाला वीडियो नुकसानदायक या हानिकारक, चौंकाने वाली जानकारी, भड़काऊ भाषण, यौन उत्पीड़न, टारगेट, बच्चों के खिलाफ या किसी प्रकार की अश्लील हरकतों, नग्नता या यौन गतिविधियों को बढ़ावा नहीं दे रहा हो। ऐसा पाए जाने पर वीडियो को डिलीट कर दिया जाता है।





Be First to Comment