Press "Enter" to skip to content

तीर्थयात्रियों ने बनाया केदारनाथ पहुंचने का रिकॉर्ड, अब तक 8 लाख ने किए दर्शन ! National News

Kedarnath Dham: तीर्थयात्रियों ने बनाया केदारनाथ पहुंचने का रिकॉर्ड, अब तक 8 लाख ने किए दर्शन
रुद्रप्रयाग। मंगलवार तक इस साल केदारनाथ पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या आठ लाख का आंकड़ा पार गई। यह केदारनाथ यात्रा के इतिहास में तीर्थयात्रियों की सर्वाधिक संख्या है। जबकि, यात्रा में अभी तीन माह का समय शेष है। इस बार केदारनाथ धाम के कपाट नौ मई को खोले गए थे और पहले हफ्ते से ही धाम में तीर्थयात्रियों का सैलाब उमड़ने लगा था। मई के आखिर में तो यात्रियों की संख्या प्रतिदिन 30 हजार के आसपास पहुंच गई थी।
यह भी पहली बार हुआ कि एक ही दिन में 36 हजार से अधिक यात्रियों ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए हैं। इस वजह से श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को दर्शन का समय बढ़ाना पड़ा। नौबत यहां तक आ गई कि पूरी रात मंदिर को दर्शन के लिए खुला रखना पड़ा। मानसून आने के बाद हालांकि यात्रा की रफ्तार धीमी पड़ी, लेकिन सावन शुरू होते ही फिर यात्रियों की आमद बढ़ने लगी है। यही वजह है कि 23 जुलाई तक आठ लाख एक हजार 640 यात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके थे। अभी यात्रा में लगभग तीन महीने का वक्त शेष है, लिहाजा उम्मीद की जा रही है कि इस बार यात्रियों की संख्या दस लाख का आंकड़ा पार कर जाएगी।

आपदा से पहले 2012 में 5.72 लाख यात्री पहुंचे थे केदारनाथ
2013 की केदारनाथ आपदा से पहले के आंकड़ों पर नजर डालें तो पूरे सीजन में छह लाख से अधिक यात्री कभी केदारनाथ नहीं पहुंचे। मंदिर समिति के कार्याधिकारी एनपी जमलोकी बताते हैं कि 2011 व 2012 में भी यह आंकड़ा 5.70 लाख व 5.72 लाख ही रहा। जबकि, 2018 में 7.32 लाख यात्रियों ने बाबा के दर्शन किए, जो कि यात्रियों की सर्वाधिक संख्या थी। लेकिन, इस वर्ष की यात्रा ने पुराने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!