.jpg)
महासमुन्द । जिले के पिथौरा वार्ड क्रमांक 6 निवासी कांग्रेस नेता व ठेकेदार श्यामसुंदर एरन ने शनिवार सुबह साढ़े 6 बजे घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस में मौके से सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जो सोशल मीडिया पर वाइरल भी हो रहा है। सुसाइड नोट के अनुसार एरन ने आत्मघाती कदम का जिम्मेदार दो ठेकेदारों को बताया है। साथ ही यह भी लिखा है कि इन दोनों से करीब 4 करोड़ रुपए की रकम की वसूली कर परिवार को दें। बहरहाल मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड नोट के अनुसार श्यामसुंदर एरन ने सुशील अग्रवाल और नितेश सिंघानिया को जिम्मेदार ठहराया है। एरन के इस आत्मघाती कदम से परिवार सदमे में है। बताया गया है कि एरन रकम की वापसी को लेकर परेशान थे। नितेश को उन्होंने ब्याज पर रकम दिया था, जो लौटा नही रहा था और सुशील इनके काम का भुगतान नही कर रहा था।
लगातार रकम की मांग के बाद भी जब रकम की अदायगी नही हुई तो एरन ने पुलिस या अन्य किसी की मदद लेने के बजाए खुद को समाप्त करने का आत्मघाती कदम उठाया,। इधर इस मामले में जिला कांट्रेक्टर एसोशिएशन ने प्रेस वार्ता लेकर एरन प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग की है। जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि एरन आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। विभाग से उनके कार्य का भुगतान नही हुआ था।
कुछ काम पेटी कांट्रेक्टर के तौर पर किए थे, जिसका भुगतान ठेकेदार को नही हुआ था। जिलाध्यक्ष ने कहा कि मौत की वजह निःसंदेह जांच का विषय है। जो भी जिम्मेदार हैं उन्हें कानून सजा दे। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी ठेकेदार आर्थिक तंगहाली या भुगतान की लेटलतीफी से ऐसा आत्मघाती कदम न उठाएं। संगठन मजबूत है, ठेकेदार अपनी समस्या साझा करें, हल निकलेगा।





Be First to Comment