Article 370 हटाए जाने के बाद इस राज्य में विरोध-प्रदर्शन, जश्न और सार्वजनिक समारोह पर रोक ! National News

Article 370 हटाए जाने के बाद इस राज्य में विरोध-प्रदर्शन, जश्न और सार्वजनिक समारोह पर रोक
चंडीगढ़। आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद सभी की नजर जम्मू-कश्मीर पर टिकी है। साथ ही कुछ अन्य राज्यों में भी सुरक्षा बंदोबस्त बढ़ाए गए हैं। इस बीच, पंजाब में सरकार ने सार्वजनिक रूप से जश्न मनाने, विरोध-प्रदर्शन करने या सार्वजनिक समारोहों का आयोजन करने पर रोक लगा दी है। यह कवादय इस आशंका के बाद की गई है कि पाकिस्तान पंजाब में गड़बड़ी फैलाने की साजिश कर सकता है।
राज्यसभा में आर्टिकल 370 संबंधी सरकार के बयान के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गृह विभाग के अधिकारियों और पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता के साथ बैठक की। बैठक के बाद कहा गया है कि पुलिस किसी भी घटना से निपटने के लिए तैयार रहे। उन्होंने राज्य के सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया है। पंजाब से कश्मीर छोड़ने वालों के सुचारू और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने का निर्देश वह पहले ही दे चुके हैं।

साथ ही कैप्टन ने राज्य में रह रहे 8000 कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि डीसी और एसपी व्यक्तिगत रूप से मिलकर कश्मीरी छात्रों से बात करें।