बल्देवगढ़/टीकमगढ़। अंधी रफ्तार और भागमभाग के चलते आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है। इसके बावजूद वाहनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लग पा रही है। गुलगंज थाना क्षेत्र के बंधा तिगड्डे के पास टीकमगढ़ मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे 2 तेज रफ्तार बाइकों में आमने सामने भिड़ंत हो गई। इस भिड़ंत में दोनों बाइकों पर सवार एक महिला सहित 4 लोगों की मौत हो गई। बाइक चालकों सहित कोई भी हेलमेट नहीं लगाए थे।
जानकारी के अनुसार दोपहर 12 बजे टीकमगढ़ की ओर से एक तेज रफ्तार सफेद रंग की अपाचे बाइक जैसे ही बंधा गांव और तिगड्डे के बीच बने बेयर हाउस के सामने पहुंची। उसी समय बंधा तिगड्डे की ओर से एक नीले रंग की बजाज सीटी 100 सामने आ गई। सीटी 100 बाइक पर एक महिला सहित 3 लोग सवार थे। दोनों बाइक की रफ्तार काफी अधिक होने के कारण दोनों के ही चालक कंट्रोल नहीं कर पाए और अचानक आमने सामने की भिड़ंत हो गई।
यह भिड़ंत इतनी भयंकर थी कि बाइक सवार हवा में उछले और जमीन पर तेजी से गिरे। भीषण हादसे में सीटी 100 बाइक पर सवार परमलाल पिता भंता रजक 60 वर्ष निवासी कन्नपुर जिला टीकमगढ़, उसका भतीजा मनीष पिता मुन्ना रजक 25 वर्ष ककरवाहा और अपाचे बाइक के चालक रवि पिता भग्गू अहिरवार 20 वर्ष निवासी एरोरा जिला टीकमगढ़ की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। जबकि सीटी 100 बाइक पर सवार महिला चमेली बाई पति परमलाल रजक 55 वर्ष निवासी कन्नपुर जिला टीकमगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं इस भिड़ंत में दोनों बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायल महिला चमेली बाई रजक को तत्काल बड़ामलहरा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही गुलगंज थाना प्रभारी डीके नायक, बंधा चौकी प्रभारी प्रथा दुबे, प्रधान आरक्षक रफीक खान, आरक्षक बालक दास घटना स्थल पर पहुंचे। 100 डायल वाहन से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ामलहरा भेजा और तीनों मृतकों के शव बड़ामलहरा अस्पताल लेकर पहुंचे। महिला की मौत के बाद पुलिस ने चारों मृतकों का पोस्टमार्टम कराके शव उनके परिजनों को सौंपकर सड़क दुर्घटना का प्रकरण पंजीबद्ध किया।




Be First to Comment