
- विजय नगर पुलिस ने लिस्टेड बदमाश और भूमाफिया मुख्तियार का क्षेत्र में निकाला गुंडा जुलूस
- नाबालिग बच्चे के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी पर कई धाराओं में दर्ज किया है केस
इंदौर. लोगों को धमकाकर उनके प्लॉट व मकान पर अवैध कब्जा करने और 17 साल के नाबालिग का टॉयलेट सीट में मुंह डलवाने वाले गुंडे शेख मुख्तियार खान को पुलिस ने उसी स्थान पर ले जाकर पीटा जहां उसने नाबालिग के साथ मारपीट की थी। खजराना क्षेत्र में उसका जुलूस निकाला गया। जहां-जहां उसने कब्जे किए हैं, पुलिस ने वहीं उसकी पिटाई की और उठक-बैठक लगवाई।
पुलिस ने आरोपी पर पुलिस ने जानलेवा हमला करने, अपहरण, आईटी एक्ट, जेजे एक्ट (जुवेनाइल जस्टिस) व अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। उसके खिलाफ 39 जगह अवैध कब्जा करने का भी खुलासा हुआ है, जिसमें से 17 गोडाउन में उसके अवैध धंधे चलते मिले।
एसएसपी रुचि वर्धन मिश्र ने बताया कि गुंडे और उसकी गैंग के हर बदमाश पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई होगी। गुंडे मुख्तियार से कोई पीड़ित डरे नहीं, अगर थाने में सुनवाई न हो तो मुझे (मोबाइल नंबर 7049100411) शिकायत करें। बताते हैं कि उन्होंने टीआई को चेतावनी दी है कि जिसने उसके खिलाफ शिकायत के बाद भी एक्शन नहीं लिया तो नोटिस मिलेगा। मुख्तियार को सजा दिलवाने के लिए उन्होंने 20 दिन का टास्क दिया है।
फिलहाल पुलिस ने गुंडे मुख्तियार के खिलाफ धारा 363, 365, 323, 327, 332, 294, 506 पाॅस्को एक्ट, 74, 84, 82, जेजे एक्ट, आईटी एक्ट और धारा 307 में केस दर्ज किया है। इसके अलावा पुराने 18 अपराधों में भी कार्रवाई की जाएगी।





Be First to Comment