
बड़वानी। बड़वानी पुलिस ने नकली नोट चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इनके पास से 13 लाख 54 हजार रुपए कीमत के नकली नोट भी जब्त किए हैं। इस खेल में जुड़े तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े तीन लोगों में से एक महाराष्ट का है, बाकी दो मध्य प्रदेश के हैं। इलाके में काफी दिनों से नकली नोट खपाने की जानकारी मिल रही थी। लेकिन पुलिस के हाथ इन तक नहीं पहुंच पा रहे थे। लेकिन केले खरीदने के बदले दिए गए दो हजार के नोट के चक्कर में ये फंस गए। दुकानदार को जब शक हुआ तो उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद घेराबंदी कर तीनों आरोपितों को पकड़ा गया। इस गैंग का मास्टरमाइंड महाराष्ट्र का राहुल है। उसने यू-ट्यूब के जरिए नकली नोट का प्रिंट निकालना सीखा था। फिलहाल पुलिस ने नकली नोट की पूरी खेप जब्त कर मामला दर्ज कर दिया है।



