Press "Enter" to skip to content

बच्चा चोरी की आशंका में महिला को भीड़ ने पीटा, हुआ ऐसा हाल ! Gwalior News

बच्चा चोरी की आशंका में महिला को भीड़ ने पीटा, हुआ ऐसा हाल
ग्वालियर। मैं भी मां हूं, मेरे भी बच्चे हैं, मां की ममता को समझती हूं। किसी का बच्चा उठाकर क्या मिल जाएगा। किसी तरह कचरा बीनकर घर चलाती हूं। पर आक्रोशित भीड़ ने मेरी एक न सुनी, न ही मेरा दर्द समझा। बच्चा चोरी करने के संदेह पर मुझे पीटते हुए थाने ले गए। मेरे बच्चों की उम्र के बच्चों तक ने मुझ पर चप्पल व डंडे से हमला किया।
कुछ इस तरह सुनीता ने अपना दर्द जनकगंज थाना पुलिस के सामने रखा। पुलिस ने उसे मदद का आश्वासन दिया। सुनीता हमलावरों पर मामला दर्ज कराना नहीं चाहती थी पर पुलिस ने संवेदनशीलता का परिचय दिया। उससे कहा कि मारपीट करने वाले अज्ञातों पर मामला दर्ज कराना चाहिए, इसके बाद उसने मामला दर्ज कराया। सुनीता के साथ रीना नामक महिला भी थी। वह भी भीड़ की शिकार बनी।

गोद में बच्चा था रहम की भीख मांगी, लोग पीटते रहे
झांसी रोड में बच्चा चोरी के संदेह में पकड़ी गई रेशमा को जब थाना ले आए तब उसके मन से दहशत कुछ कम हुई। उसने बताया कि उसकी गोद में बच्चा था। उसे व उसके बच्चे व बेटी नीतू को भीड़ ने घेर रखा था। उसने गोद में बच्चे का हवाला देते हुए रहम की भीख मांगी, लेकिन आक्रोशित भीड़ उसे पीटती रही।

यह अफवाह किसी की जान ले लेगी
मैं तो चाय के होटल पर काम करता हूं। बच्चे के हाथ से बाइक न टकरा जाए, इसलिए उसका हाथ हटाया था। उसके पिता ने बच्चे के अपहरण की अफवाह फैला दी। मुझे लोगों ने पीटा। इस तरह की अफवाह मैं भी सोशल मीडिया पर देख रहा हूं। यह अफवाह एक दिन किसी की जान ले सकती है। मामले का पटाक्षेप होने के बाद शिवम का ने अपनी पीड़ा और अफवाह से परिणाम का डर कुछ इस तरह बयां किया।

2 साल में 4 बड़ी अफवाहें, सोशल मीडिया पर छायीं
बीते दो साल में सोशल मीडिया के जरिए आम लोगों तक चार बड़ी अफवाहें फैलीं। जिन पर विश्वास मानकर कई लोग अफवाहें फैलाने वालों के जाल में भी फंसे। जो इस प्रकार हैं-

– नाग के सड़क पर कुचल जाने और नागिन द्वारा बदला लेने की अफवाह सोशल मीडिया के जरिए फैली।
– रात के समय छत पर चक्की के पाट या सिल पर किसी के आकर टांकने की घटनाएं भी सोशल मीडिया पर छाईं। अफवाह थी जिसके घर टंकन हुआ उसके यहां अनिष्ट होने की आशंका।

– चंद्रग्रहण के बाद भांजे को मिठाई खिलाकर कपड़े नहीं देने पर कुछ बुरा होने की आशंका।
– अब बच्चा चोर गिरोहों द्वारा अपहरण कर बच्चों के हाथ-पैर काटने की अफवाह फैल रही है।
स्कूल से लेकर अभिभावक तक में दहशत
बच्चा चोरी की अफवाहों का असर स्कूलों से लेकर छात्र-छात्राओं के अभिभावक तक में है। अफवाहों के बाद अधिकांश स्कूलों में अपने यहां नियम कड़े कर दिए हैं। बच्चों के माता-पिता के अलावा अन्य किसी परिजन को बच्चे नहीं दे रहे हैं। यदि परिवार का अन्य कोई सदस्य आ भी रहा है तो आधार कार्ड, बच्चे की सेकंड आईडी जो परिजन को दी जाती है, उसको लाने के बाद रजिस्टर पर नाम-पता व साइन कराकर ही छोड़ रहे हैं।
कानून हाथ में न लें, यहां दें सूचना
यदि कोई संदेही दिखता है या किसी पर बच्चा चोरी का संदेह है तो भी लोग खुद कानून हाथ में न लें, अपराधी न बनें। तत्काल पुलिस को सूचना दें, पुलिस जांच करेगी। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें। संदेही की सूचना यहां हैं-
पुलिस हेल्पलाइन – 7049110100
पुलिस कन्ट्रोल रूम – 7049101029
डायल 100 पर भी कॉल कर सकते हैं
संदेह पर मारपीट की तो आप पर होगा केस दर्ज
सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अफवाह पर यदि किसी भी व्यक्ति को कोई भीड़ या कुछ लोग मारपीट कर हानि पहुंचाते हैं तो मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही शहरवासी अफवाहों पर ध्यान न दें, ने सोशल मीडिया पर शेयर करें। नवनीत भसीन, एसपी ग्वालियर
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!