श्योपुर की तहसीलदार ने कहा- पूरा सिस्टम भ्रष्ट, ऐसी व्यवस्था पर घिन आती है ! Sheopur News

श्योपुर में पदस्थ तहसीलदार अमिता सिंह।

  • उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर कलेक्टर की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं 
  • अमिता सिंह कौन बनेगा करोड़पति में 50 लाख रुपए जीतकर आई थीं सुर्खियों में

श्योपुर। श्योपुर में पदस्थ तहसीलदार अमिता सिंह फिर से सुर्खियों में हैं। इस महिला अफसर ने प्रशासनिक व्यवस्था पर उंगली उठाई है। अमिता सिंह ने कहा है कि पूरा सिस्टम भ्रष्ट है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ऐसी व्यवस्था से घिन आती है। अमिता सिंह को श्योपुर में निर्वाचन शाखा का प्रभारी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि इससे वह खुश नहीं हैं, इसलिए उन्होंने अपनी भड़ास फेसबुक पर पोस्ट के जरिए निकाली है। 
श्योपुर की तहसीलदार अमिता सिंह ने फेसबुक पर ‘चाटुकारिता और भ्रष्टाचार बनाम शासकीय सेवा’ शीर्षक से लिखी अपनी पोस्ट में अमिता सिंह ने नायब तहसीलदारों को भ्रष्ट कहा। उन्होंने आगे लिखा कि ऐसी व्यवस्था से घिन आती है। अपनी पोस्ट में अमिता सिंह ने श्योपुर कलेक्टर के कामकाज को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने साफ लिखा कि हम जैसे वरिष्ठ तहसीलदारों को परे हटाकर नए तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को मुख्यालय में पदस्थ किया जा रहा है। 
 
तहसीलदार अमिता सिंह लिखती हैं कि वरिष्ठ अधिकारी ऐसे तहसीलदार और नायब तहतीलदारों को अपनी गाड़ी में बैठाकर घूमते हैं। अमिता सिंह ने मीडिया पर भी अपना गुस्सा निकाला। उन्होंने लिखा- अभिव्यक्ति की आज़ादी सिर्फ ब्लैकमेलर पत्रकारों को मिली है। 
केबीसी में 50 लाख जीते थे 
श्योपुर तहसीलदार अमिता सिंह तब चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने 2011 में कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर बैठी थीं और 50 लाख रुपए जीते थे। अमिताभ बच्चन के साथ कौन-बनेगा करोड़पति का उनका खेल भी दिलचस्प और हंसी के हल्के-फुल्के सवालों से भरपूर रहा था।