Press "Enter" to skip to content

बाबूलाल गौर के निधन से मध्यप्रदेश की राजनीति में छाया शोक ! Bhopal News

Babulal Gaur Passes Away : बाबूलाल गौर के निधन से मध्यप्रदेश की राजनीति में छाया शोक
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर के निधन से मध्यप्रदेश की राजनीति में शोक की लहर छा गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के नेताओं ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि अर्पित की है। बाबूलाल गौर जी का लंबा राजनीतिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा में समर्पित था। जनसंघ के समय से ही उन्होंने पार्टी को मज़बूत और लोकप्रिय बनाने के लिए मेहनत की। मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में मध्यप्रदेश के विकास के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे। बाबूलाल गौर जी के निधन से गहरा दुःख हुआ। ईश्वर शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। ओम शान्ति! 

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर लिखा है कि मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर के निधन से मुझे गहरी वेदना की अनुभूति हुई है। सरकार और संगठन में पदों पर रहे बाबूलालजी कुशल संगठक और कर्मठ प्रशासक थे। काम करने की उनकी लगन और ललक लोगों को प्रेरणा देती थी। ईश्वर उनके परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा है कि पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर का निधन मध्यप्रदेश की राजनीति से एक ऐसे व्यक्ति का चले जाना है जो दली राजनीति से ऊपर प्रदेश के एक सर्वमान्य नेता थे।

मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा – मध्यप्रदेश की राजनीति में एक युग की समाप्ति। मध्यप्रदेश भाजपा के आधार स्तंभ, पूर्व मुख्यमंत्री, हमारे मार्गदर्शक व जन-जन के नेता श्री बाबूलाल गौर के निधन से दुःखी हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें व परिजनों को इस गहन दुःख को सहने की क्षमता प्रदान करें। ॐ शांति। आदरणीय बाबूलाल गौर को सत्य के लिए लड़ने वाले सिपाही और मज़दूरों, गरीबों व कमज़ोर वर्ग के हितों के रक्षक के रूप में सदैव याद किया जाएगा। गोवा मुक्ति आंदोलन से लेकर आपातकाल तक में पुलिस की लाठियों का निडरता से सामना करने वाले नायक युगों-युगों तक हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।

मध्यप्रदेश में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि बाबूलाल गौर ने मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने में अपना सर्वस्व अर्पण किया। मध्यप्रदेश के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है। वे एक अपराजेय योद्धा रहे। उनके निधन से मध्यप्रदेश ने अद्भुत नेता खोया है।

मध्यप्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने ट्वीट कर पूर्व सीएम बाबूलाल गौर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बाबूलाल गौर जी के निधन की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ, यह मध्यप्रदेश की राजनीति के लिए अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर से दिवगंत आत्मा की शांति और परिजनों के लिए संबल की कामना करता हूं।
मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बाबूलाल गौर के निधन पर दुख जताया है। ट्वीट कर उन्होंने कहा कि गौर जी के देहांत से मुझे गहरा दुख हुआ। राजनीतिक जीवन में हम दो ध्रुवों पर रहे लेकिन व्यावहारिक रूप से वो मेरे दिल के बेहद करीब थे। जब भी मिले पूरी गर्मजोशी के साथ मिले। जो भी किया पूरी ईमानदारी से किया। गौर साहब के जाने से मैंने एक राजनीतिक साथी खो दिया। श्रद्धांजलि!
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!