
इस्लामाबाद। कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान ने पूरी दुनिया से गुहार लगाई, लेकिन किसी देश ने भाव नहीं दिया। यहां तक कि चीन के सहारे मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भी उठा दिया, लेकिन वहां भी मुंह की खाना पड़ी। अब इमरान खान सरकार ने इस मुद्दे को इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (ICJ) में ले जाने का फैसला किया है।
इमरान खान ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान के लिए कश्मीर अग्रिम सुरक्षा पंक्ति है। इमरान सरकार ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के दौरान कश्मीर मसले को आक्रामक तरीके से उठाने का फैसला भी किया है।
वहीं पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल से कहा, ‘कश्मीर मामले को अंतरराष्ट्रीय अदालत में उठाने का फैसला किया गया है।’ वहीं, प्रधानमंत्री इमरान खान की विशेष सूचना सहायक फिरदौस आशिक अवान ने कहा कि कैबिनेट ने कश्मीर मसले को आईसीजे में ले जाने की मंजूरी दे दी है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान हर मोर्चे पर कश्मीर की लड़ाई जारी रखेगा।
बता दें कि प्रधानमंत्री इमरान खान ने छह अगस्त को संसद के विशेष सत्र में कहा था कि वह कश्मीर मसले को सुरक्षा परिषद सहित हर मंच पर उठाएंगे। आईसीजे के पास भी ले जाएंगे।





Be First to Comment