शिवपुरी: चेक बाउंस के मामले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की पिछोर शाखा को न्यायालय से बड़ी सफलता मिली है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पिछोर की अदालत ने ₹6,24,269 के चेक अनादरण मामले में अभियुक्त नीरज कुमार को दोषी ठहराते हुए 6 माह के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही बैंक को चेक की मूल राशि पर 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित भुगतान और ₹5 हजार वाद व्यय दिलाने का आदेश दिया है।
प्रकरण के अनुसार, ग्राम हिम्मतपुर निवासी नीरज कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार रसमेरिया ने 13 नवंबर 2018 को SBI शाखा पिछोर से ₹7.50 लाख का ऋण लिया था। निर्धारित किश्तों में भुगतान नहीं होने के कारण ऋण खाता एनपीए हो गया और ₹6,24,269 की राशि बकाया रह गई। बैंक द्वारा भुगतान की मांग किए जाने पर अभियुक्त ने 16 मार्च 2024 को इतनी ही राशि का चेक जारी किया, लेकिन 10 मई 2024 को खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया।
इसके बाद बैंक ने अभियुक्त को विधिक नोटिस भेजकर भुगतान का अवसर दिया, लेकिन निर्धारित समय में राशि जमा नहीं की गई। इस पर बैंक ने परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने चेक, बैंक स्टेटमेंट, चेक अनादरण मेमो और विधिक नोटिस सहित प्रस्तुत साक्ष्यों का परीक्षण किया। अदालत ने अभियुक्त को दोषसिद्ध पाया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्रीमती प्रियंका विश्वकर्मा ने 18 नवंबर 2026 को फैसला सुनाते हुए अभियुक्त को 6 माह के कारावास की सजा दी। साथ ही ₹6,24,269 की मूल चेक राशि पर चेक जारी होने की तारीख से भुगतान तक 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज और ₹5,000 अभियोजन व्यय अदा करने का आदेश दिया। प्रतिकर राशि जमा नहीं करने पर एक माह तथा वाद व्यय जमा नहीं करने पर 10 दिन का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतने का प्रावधान भी आदेश में रखा गया है।
इस मामले में भारतीय स्टेट बैंक की ओर से अधिवक्ता पंकज आहूजा, कपिलकांत तिवारी, चंद्रशेखर भार्गव एवं आकाश जैन ने पैरवी की। न्यायालय के इस निर्णय को बैंक की ऋण वसूली और चेक अनादरण से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
6.24 लाख का चेक बाउंस होने पर अभियुक्त को 6 माह की जेल, SBI पिछोर के पक्ष में कोर्ट का फैसला; 9% ब्याज सहित राशि और 5 हजार वाद व्यय देने के आदेश / Shivpuri News



