,

नर्सिंग ऑफिसर्स की बड़ी कानूनी जीत: प्रोबेशन में काटी गई वेतन राशि 60 दिन में ब्याज सहित लौटाने के हाईकोर्ट ने दिए आदेश / Shivpuri News

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के वर्ष 2019 के बाद नियुक्त हजारों नर्सिंग ऑफिसर्स के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर खंडपीठ ने प्रोबेशन पीरियड के दौरान वेतन से काटी गई राशि का भुगतान 60 दिनों के भीतर करने के निर्देश दिए हैं। इस आदेश से प्रदेशभर के पात्र नर्सिंग कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

दरअसल, वर्ष 2019 के बाद मध्यप्रदेश में नियुक्त नर्सिंग कर्मचारियों को शासन के स्टाइपेंड नियमों के तहत पहले वर्ष 70 प्रतिशत, दूसरे वर्ष 80 प्रतिशत और तीसरे वर्ष 90 प्रतिशत वेतन दिया जा रहा था। चौथे वर्ष से 100 प्रतिशत वेतन का प्रावधान था। कर्मचारियों ने इसे आर्थिक नुकसान बताते हुए इस व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई थी।

नर्सिंग कर्मचारियों के अधिकारों की इस लड़ाई में वॉइस ऑफ नर्स एसोसिएशन के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष शिवराज सिंह राजपूत ने प्रदेश के नर्सिंग ऑफिसर्स की ओर से हाईकोर्ट जबलपुर में याचिका दायर की थी। एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि पूर्व में हाईकोर्ट ने कर्मचारियों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए काटी गई राशि का भुगतान 12 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ एरियर के रूप में करने के निर्देश दिए थे।

इसके बावजूद कर्मचारियों को एरियर का भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष शिवराज सिंह राजपूत ने न्यायालय के आदेश का पालन नहीं होने पर अवमानना याचिका दायर की।

अवमानना याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट की जबलपुर खंडपीठ ने शासन को दोबारा निर्देश दिए हैं कि प्रोबेशन अवधि के दौरान काटी गई पात्र कर्मचारियों की राशि का भुगतान 60 दिनों के भीतर उनके बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाए।

प्रदेश अध्यक्ष बोले- यह हर नर्सिंग ऑफिसर के अधिकार की जीत

इस फैसले पर वॉइस ऑफ नर्स एसोसिएशन के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष शिवराज सिंह राजपूत ने कहा कि यह मध्यप्रदेश के प्रत्येक नर्सिंग ऑफिसर की जीत है। नर्सिंग कर्मचारियों ने कोरोना काल से लेकर आज तक पूरी निष्ठा के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी सेवाएं दी हैं। यह लड़ाई उनके अधिकार और सम्मान की थी। हाईकोर्ट के फैसले से न्याय व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्हें उम्मीद है कि शासन निर्धारित 60 दिनों की समय-सीमा में सभी पात्र कर्मचारियों को उनका बकाया भुगतान करेगा।

नर्सिंग संवर्ग में खुशी की लहर

हाईकोर्ट के आदेश की जानकारी सामने आने के बाद प्रदेशभर के नर्सिंग कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। कर्मचारियों ने इस लंबी कानूनी लड़ाई को आगे बढ़ाने और उनके अधिकारों के लिए प्रयास करने पर वॉइस ऑफ नर्स एसोसिएशन एवं प्रदेश अध्यक्ष शिवराज सिंह राजपूत का आभार जताया है।