शिवपुरी। खेल के मैदान में जब पिता की विरासत बेटी के हुनर से आगे बढ़ती है, तो वह पल सिर्फ एक जीत नहीं बल्कि गर्व की कहानी बन जाता है। ऐसा ही नजारा राष्ट्रीय बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता में देखने को मिला, जहां भारत के तीन बार के ओलंपियन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी रंजीत माहेश्वरी की बेटी जिया रंजीत ने ट्रिपल जंप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
जिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12.8 मीटर की छलांग लगाई और प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि जिस समय जिया ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया, उस समय उनके माता-पिता दोनों मैदान में मौजूद थे। जीत के बाद ओलंपियन पिता रंजीत माहेश्वरी ने स्वयं बेटी को स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया। यह भावुक और गौरवपूर्ण दृश्य प्रतियोगिता का खास आकर्षण बन गया।
जिया को खेल की प्रेरणा और प्रशिक्षण का माहौल घर से ही मिला है। उनके पिता रंजीत माहेश्वरी तीन बार ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में देश के लिए पदक जीत चुके हैं। वहीं उनकी मां भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) में सहायक संचालक के पद पर कार्यरत हैं। ऐसे खेल परिवार में पली-बढ़ी जिया अब अपनी मेहनत और प्रदर्शन से नई पहचान बना रही हैं।
ट्रिपल जंप में तमिलनाडु की मिरू निशाकुमार ने दूसरा और दिल्ली की हिमांशी फोगट ने तीसरा स्थान हासिल किया। खेल अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, कोच यादवेन्द्र चौधरी और अजय बाथम सहित मौजूद लोगों ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
200 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र का दबदबा
प्रतियोगिता के 200 मीटर दौड़ के फाइनल में महाराष्ट्र की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और सिल्वर दोनों पदकों पर कब्जा जमाया। महाराष्ट्र की सबरी संदीप ने 24.19 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं प्रतीक्षा जीवन ने 24.67 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। दिल्ली की अमियारा खोंसला 24.71 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
3000 मीटर पैदल दौड़ में पंजाब की खुशवीर कौर अव्वल
3000 मीटर पैदल दौड़ में पंजाब की खुशवीर कौर ने 13 मिनट 57.97 सेकंड में रेस पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। दिल्ली की जीवन ज्योति 14 मिनट 9.70 सेकंड के साथ दूसरे और महाराष्ट्र की रुतुजा रामचंद 14 मिनट 18.53 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता एसएस मन्नू भी रहे मौजूद
प्रतियोगिता में पंजाब की ओर से पहुंचे भारतीय टीम के पूर्व कोच एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित एसएस मन्नू भी आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजन समिति ने उनके हाथों प्रतियोगिता में शामिल टीमों के ऑफिशियल्स और व्यवस्थाओं में जुटे वॉलंटियर्स को सम्मानित कराया। इससे पूर्व शनिवार शाम भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने रिले रेस के विजेताओं को सम्मानित किया।
रविवार को सभी स्पर्धाएं ऑब्जर्वर डीके सिंह की देखरेख और जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के निर्देशन में आयोजित हुईं। सटीक परिणामों के लिए फोटो फिनिश टीम के प्रभारी ईशान रैदास सहित उनकी टीम तैनात रही।
प्रतियोगिता अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। सोमवार सुबह 10:30 बजे समापन समारोह आयोजित होगा, जिसमें ओवरऑल चैंपियन टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा।
ओलंपियन पिता के नक्शेकदम पर चलती बेटी जिया की यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गई है। शिवपुरी में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिया की स्वर्णिम छलांग ने खेल परिवार की विरासत को नई उड़ान दी है।
तीन बार के ओलंपियन रंजीत माहेश्वरी की बेटी जिया ने रचा इतिहास, ट्रिपल जंप में 12.8 मीटर छलांग लगाकर जीता गोल्ड; पिता ने पहनाया पदक / Shivpuri News



