तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और केरल के खिलाड़ियों का रहा शानदार प्रदर्शन, विभिन्न स्पर्धाओं में देशभर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
शिवपुरी। श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स 17 वर्ष बालक प्रतियोगिता का 16 नवंबर को गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। 12 नवंबर से शुरू हुई इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया था। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और खेल संस्थाओं से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं प्रशिक्षकों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का विकास भी होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
प्रतियोगिता की ऊंची कूद स्पर्धा में तमिलनाडु के साक्थिवेल वी.एन. ने स्वर्ण, महाराष्ट्र के उज्ज्वल विजय खिराले ने रजत और केरल के मोहम्मद रबीह ने कांस्य पदक जीता।
400 मीटर हर्डल्स में तमिलनाडु के निखिल धरशन आर. ने स्वर्ण, केरल के अर्चित एस. नायर ने रजत और तमिलनाडु के पविन कुमार एस. ने कांस्य पदक हासिल किया।
1500 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश के मो. समीर खान ने स्वर्ण, झारखंड के सुभाष ओरांव ने रजत और उत्तर प्रदेश के विनय कुमार ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
हैमर थ्रो में उत्तर प्रदेश के सुधीर ने स्वर्ण, विद्या भारती के अंकुर पटेल ने रजत और राजस्थान के दीपांशु ने कांस्य पदक जीता।
वहीं 4×100 मीटर रिले दौड़ में उत्तर प्रदेश की टीम ने स्वर्ण, तमिलनाडु की टीम ने रजत और केरल की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर शिवपुरी को मिली पहचान
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन से शिवपुरी को खेल गतिविधियों के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान मिली है। पांच दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द का परिचय दिया। समापन अवसर पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल रहा।
शिवपुरी में 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य समापन, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पदक विजेताओं को किया सम्मानित / Shivpuri News



