,

भाईदूज पर शिवपुरी सर्किल जेल में खुली मुलाकात: 11 नवंबर को बहनें भाइयों को बांध सकेंगी तिलक, सुबह 8:30 से दोपहर 2:30 बजे तक मिलेगा प्रवेश / Shivpuri News

शिवपुरी। दीपावली के भाईदूज पर्व पर शिवपुरी सर्किल जेल में निरुद्ध बंदियों से मुलाकात के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जेल प्रशासन द्वारा 11 नवंबर, बुधवार को सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक खुली मुलाकात आयोजित की जाएगी। इस दौरान बंदियों की बहनें और परिवार की महिला सदस्य अपने भाइयों से मुलाकात कर सकेंगी। साथ में 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को भी प्रवेश दिया जाएगा।

जेल प्रशासन के निर्देशानुसार प्रत्येक बंदी से मुलाकात के लिए अधिकतम 10 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। सभी परिजनों को पहले जेल के बाहर एकत्रित होना होगा। प्रवेश के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, राशन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।

मुलाकात के दौरान 250 ग्राम तक सूखी मिठाई जैसे गजक और सोनपापड़ी ले जाने की अनुमति रहेगी। घर का बना भोजन और बंदियों को नकद राशि देना प्रतिबंधित रहेगा। जेल प्रशासन द्वारा तिलक के लिए हल्दी, कुमकुम और चावल से सजी पूजा की थाली उपलब्ध कराई जाएगी।

जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल, पर्स, रुपये और कीमती सामान जेल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी आगंतुकों से तलाशी प्रक्रिया में सहयोग करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि भाईदूज का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।