शिवपुरी। शहर की पुरानी शिवपुरी निवासी मीनाक्षी सेन ने अपने पति मनोज सेन और ससुराल पक्ष पर मारपीट करने, भरण-पोषण की राशि नहीं देने और न्यायालय में चल रहे प्रकरण को वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने 10 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मीनाक्षी सेन ने पति मनोज सेन के खिलाफ भरण-पोषण के लिए भोपाल स्थित द्वितीय अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय में एमजेएसीआर क्रमांक 148/24 प्रस्तुत किया है। उनका आरोप है कि पति द्वारा न्यायालय के आदेश के बावजूद भरण-पोषण की राशि जमा नहीं की जा रही है।
मीनाक्षी के अनुसार, उनके दो बच्चे हैं, जिनमें बेटी रिया सेन की उम्र करीब 18 वर्ष और बेटा भास्कर सेन की उम्र 13 वर्ष है। भरण-पोषण की राशि नहीं मिलने से बच्चों के पालन-पोषण में आर्थिक परेशानी हो रही है। आवेदन में बताया गया है कि राशि जमा नहीं करने पर न्यायालय द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को पति के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
मीनाक्षी ने आरोप लगाया कि उनके पति और ससुराल पक्ष द्वारा उन्हें और मायके के परिवारजनों को धमकाया जा रहा है। कथित तौर पर भरण-पोषण का केस वापस लेने और राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है।
मीनाक्षी सेन ने पुलिस अधीक्षक से पति मनोज सेन के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने, भरण-पोषण की राशि दिलाने तथा अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
भरण-पोषण का केस वापस लेने दबाव, जान से मारने की धमकी का आरोप; मीनाक्षी सेन की बेटी ने SP से मांगी सुरक्षा / Shivpuri News




