शिवपुरी। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जरूरत के समय गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आर्थिक संबल बन रही है। पोहरी में इस योजना के तहत स्वर्गीय संतोष कुशवाह के परिवार को 2 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई।
जानकारी के अनुसार, पोहरी निवासी संतोष कुशवाह की बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। उनका भारतीय स्टेट बैंक की पोहरी शाखा में बचत खाता था। उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मात्र 436 रुपये सालाना प्रीमियम जमा कर बीमा कराया था।
संतोष कुशवाह के निधन के बाद परिजनों ने बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद एसबीआई पोहरी शाखा द्वारा उनकी पत्नी सुमन कुशवाह को 2 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक संदीप सिंह, उप प्रबंधक नीरज कुमार शाक्य, फील्ड ऑफिसर अभिषेक गुप्ता सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
चेक प्राप्त होने पर सुमन कुशवाह ने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। परिवार के लिए मुश्किल समय में मिली यह राशि बड़ी आर्थिक राहत बनी है।
मात्र 436 रुपये के सालाना प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का बीमा कवर देने वाली प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की यह पहल आम लोगों को बीमा सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का उदाहरण है।
436 रुपये सालाना प्रीमियम से परिवार को मिले 2 लाख रुपये, बीमारी से मौत के बाद पत्नी सुमन को मिला आर्थिक सहारा / Shivpuri News



