शिवपुरी। जिले के खनियांधाना क्षेत्र के बामोरकलां गांव में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड शिक्षक को व्हाट्सएप पर APK फाइल भेजकर उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया और उनके बैंक खाते से 3 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए। ठगी का शिकार हुए पीड़ित शिक्षक कैलाश नारायण सोनी ने बताया कि उन्होंने न तो किसी को अपना एटीएम कार्ड दिया और न ही बैंक का पासवर्ड साझा किया, इसके बावजूद ठगों ने YONO SBI ऐप का एक्सेस हासिल कर खाते से रकम पार कर दी।
पीड़ित के मुताबिक, उनके व्हाट्सएप पर एक APK फाइल आई थी, जिसे डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल साइबर ठगों के नियंत्रण में चला गया। इसके बाद आरोपियों ने बड़ी शातिर तरीके से बैंकिंग ऐप का इस्तेमाल कर खाते से 3.40 लाख रुपए निकाल लिए। मोबाइल पर बैंक के लगातार ट्रांजेक्शन मैसेज आने के बाद उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई।
घटना के बाद से पीड़ित परिवार परेशान है। शिक्षक का कहना है कि वे न्याय और अपनी रकम वापस पाने के लिए बैंक, खनियांधाना थाना और जिला साइबर सेल शिवपुरी के चक्कर काटते रहे। उन्होंने घटना के बाद 8 अक्टूबर को बामोरकलां थाने में लिखित आवेदन दिया था, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की। करीब 19 दिन की देरी के बाद 27 अक्टूबर को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई।
इस घटना ने साइबर अपराधों से बचाव और शिकायतों पर समयबद्ध पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पीड़ित को अपनी ठगी गई रकम वापस मिलने का इंतजार है। साथ ही यह मामला लोगों के लिए भी चेतावनी है कि अनजान व्हाट्सएप लिंक या APK फाइल डाउनलोड करने से बचें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही बैंक खाते को खाली कर सकती है।
APK फाइल डाउनलोड करते ही रिटायर्ड शिक्षक का मोबाइल हैक, YONO SBI से उड़ाए 3.40 लाख रुपए; FIR दर्ज कराने 19 दिन तक भटकता रहा पीड़ित / Shivpuri News




