,

बैराड़ में नशे के खिलाफ पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 80 लीटर कच्ची शराब और 7.85 ग्राम स्मैक जब्त; तीन आरोपी गिरफ्तार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बैराड़ पुलिस ने 31 अक्टूबर को दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक कार्रवाई में 80 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब और दूसरी कार्रवाई में 7.85 ग्राम स्मैक बरामद की है। जब्त शराब और स्मैक की कुल कीमत करीब 98 हजार रुपए बताई गई है।

बैराड़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नदोरा गांव की पुलिया के पास दो व्यक्ति अवैध शराब लेकर दूसरी जगह ले जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदीप पुत्र परमू राठौर (32), निवासी बरोद रोड बैराड़ तथा बंटी खटीक पुत्र देवी सिंह खटीक (35), निवासी गायत्री कॉलोनी बैराड़ को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिया के नीचे दो कैन छिपाकर रखना बताया। पुलिस ने दोनों कैनों से करीब 80 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की, जिसकी कीमत 18 हजार रुपए बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 417/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने टोरिया रोड स्थित बंद पड़े पुराने ढाबे के अंदर दबिश देकर जीतेन्द्र उर्फ जीतू प्रजापति (32), निवासी वार्ड क्रमांक 11 गायत्री कॉलोनी बैराड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी यात्री प्रतीक्षालय के पास स्मैक बेचने के लिए बैठा है। बाद में सूचना मिली कि वह पास ही बंद पुराने ढाबे के टीनशेड के नीचे तखत पर बैठा है।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और उसके कब्जे से 7.85 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 418/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।