,

बदरवास में बस ने बाइक को मारी टक्कर, करवा चौथ का सामान लेकर लौट रहे जीजा-साले घायल / Shivpuri News

शिवपुरी। बदरवास थाना क्षेत्र में कृष्णा होटल के पास बदरवास रोड पर तेज रफ्तार बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जीजा-साले घायल हो गए। दोनों करवा चौथ का सामान लेकर लौट रहे थे। घायलों को सरकारी अस्पताल बदरवास ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें शिवपुरी रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार सीयानन्द पुत्र श्रीचन्द्र आदिवासी उम्र 25 वर्ष निवासी अंबेडकर कॉलोनी, शिवपुरी ने बताया कि 29 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह अपने साले हरि आदिवासी के साथ बाइक क्रमांक MP33ZK3727 से बदरवास बाजार करवा चौथ का सामान खरीदने आए थे। सामान खरीदने के बाद दोनों अपनी ससुराल बूढोडोंगर लौट रहे थे।

इसी दौरान कृष्णा होटल के पास सामने से आ रही सिंह ब्रदर्स बस क्रमांक MP33P0510 के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से बस चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल बदरवास पहुंचाया। उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को शिवपुरी रेफर कर दिया। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।