,

खनियाधाना में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 4 लाख की कार सहित 9 पेटी शराब जब्त / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के खनियाधाना थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट डिजायर कार से देशी प्लेन शराब की 9 पेटियां जब्त की हैं। जब्त शराब की कीमत करीब 40,500 रुपये और कार की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिछोर के ओढ़ी गांव की ओर से एक व्यक्ति बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध शराब लेकर खनियाधाना आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। इस दौरान कार चालक पुलिस को देखकर गाड़ी खड़ी कर भागने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सतेन्द्र लोधी (26 वर्ष), निवासी ग्राम छिरवाह, थाना पिछोर, जिला शिवपुरी बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शराब परिवहन से संबंधित वैध लाइसेंस और वाहन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने 9 पेटी देशी प्लेन शराब और स्विफ्ट डिजायर कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 402/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक संजय सिंह किरार, सहायक उपनिरीक्षक हजारीलाल जाटव, प्रधान आरक्षक नीतू सिंह तथा आरक्षक हेमसिंह और अनूप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।