,

सोते से उठाकर पति को स्कॉर्पियो-डस्टर से ले गए, तलवार-कुल्हाड़ी से हमला कर गाड़ी से टक्कर मारने का आरोप; 9 लोगों पर कार्रवाई की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के गोवर्धन थाना क्षेत्र के ग्राम बूढदा में एक व्यक्ति पर कथित प्राणघातक हमले का मामला सामने आया है। घायल बृजराज उर्फ पिंटू चंदेल की पत्नी रिंकी चंदेल ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर नौ लोगों पर मारपीट करने और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने मामले में कमजोर धाराओं में केस दर्ज किया और केवल एक व्यक्ति को आरोपी बनाया, जबकि घटना में कई लोग शामिल थे।

जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे बृजराज उर्फ पिंटू घर पर सो रहे थे। इसी दौरान उनके सगे मामा जगमोहन सिंह, दिलीप सिंह और पुष्पेन्द्र तोमर सहित अन्य लोग कथित तौर पर घर पहुंचे और उन्हें उठाकर सफेद रंग की स्कॉर्पियो व डस्टर कार में बैठाकर गांव में इमली के पेड़ के नीचे ले गए।

रिंकी चंदेल ने आरोप लगाया कि वहां सभी ने एकराय होकर तलवार, लोहे के सरिये और कुल्हाड़ी से उनके पति पर हमला किया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में उनके ऊपर गाड़ी से टक्कर भी मारी गई। इस घटना में बृजराज के कंधे, पीठ, पैरों और सिर में चोटें आईं तथा सिर में आठ टांके लगाए गए। आवेदन में रिंकी चंदेल और रिकू चंदेल को घटना के दौरान बीच-बचाव करने वाला और प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है।


शिकायत में बताया गया है कि बृजराज उर्फ पिंटू ने 23 अक्टूबर को गोवर्धन थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पत्नी का आरोप है कि पुलिस ने नौ नामजद लोगों में से केवल एक के खिलाफ मामला दर्ज किया और अन्य आरोपियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई नहीं की। उन्होंने पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत करने तथा दूसरे पक्ष की ओर से उनके परिवार के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कराने का आरोप भी लगाया है।

रिंकी चंदेल ने कहा कि घटना के बाद से उनका परिवार भयभीत है और उन्हें आशंका है कि आरोपी पक्ष उनके पति या परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दोबारा कोई अप्रिय घटना कर सकता है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटना में नामजद सभी लोगों के खिलाफ उचित धाराओं में प्रकरण दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।