,

पिछोर में मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा, गगन उर्फ गंगू गिरफ्तार; डेढ़ लाख के 3 मोबाइल बरामद / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पिछोर में पुलिस ने मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 25 वर्षीय आरोपी गगन उर्फ गंगू रजक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए ओप्पो कंपनी के दो और रियलमी कंपनी का एक मोबाइल बरामद किया है। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, बीजासेन रोड पिछोर निवासी अर्पित गुप्ता ने 13 सितंबर 2026 को थाना पिछोर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कॉलेज चौराहे के पास स्थित उनकी एसएस मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक एंड फर्नीचर दुकान में 25-26 अगस्त की रात अज्ञात व्यक्ति ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और चौथी मंजिल पर लगी छोटी खिड़की काटकर दुकान में प्रवेश किया। इसके बाद आरोपी तीन-चार नए मोबाइल और नकदी चोरी कर ले गया था।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 424/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(a) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। इसी दौरान काली माता मंदिर के पीछे संदिग्ध गतिविधियों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर एक युवक से पूछताछ की गई।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम गगन उर्फ गंगू पुत्र नरेश रजक, उम्र 25 वर्ष, निवासी नरिया मोहल्ला पिछोर बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने दुकान से मोबाइल और नकदी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से एक बैग में रखे चोरी के तीन मोबाइल बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, चोरी की गई नकदी में से करीब 11 हजार रुपये आरोपी ने दो महीने के दौरान खर्च कर दिए। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उपनिरीक्षक बीएल दोहरे, कमल सिंह बंजारा, सुबोध टोप्पो, सहायक उपनिरीक्षक जहान सिंह तथा आरक्षक धर्मेन्द्र लोधी, बचान सिंह तोमर, भूपेन्द्र सिंह और जितेन्द्र गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।