शिवपुरी। शहर के फतेहपुर इलाके में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। पुलिस चौकी के सामने ईंटों से भरे ट्रक पर चढ़ने की कोशिश कर रहा मजदूर राजेंद्र आदिवासी अचानक नीचे गिर पड़ा। इसी दौरान ट्रक का पहिया उसके पैर पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ईंटों से भरा ट्रक क्रमांक UP78 DH1927 नो एंट्री के दौरान थीम रोड स्थित फॉरेस्ट चौकी से फतेहपुर की ओर जाने वाले रास्ते से शहर में दाखिल हुआ था। ट्रक जब फतेहपुर पुलिस चौकी के तिराहे पर पहुंचा, तभी गौशाला निवासी राजेंद्र आदिवासी ने उस पर चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका हाथ छूट गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। ट्रक का पहिया उसके पैर पर चढ़ने से पैर बुरी तरह कुचल गया।
घटना के बाद घायल को ऑटो की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि राजेंद्र ईंट उतारने का काम कर मजदूरी करता है।
फतेहपुर पुलिस चौकी के तिराहे पर हुई इस घटना ने नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में प्रतिबंधित समय के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश आम लोगों के लिए खतरा बन सकता है। अब देखना होगा कि संबंधित जिम्मेदार इस व्यवस्था की निगरानी को लेकर क्या कदम उठाते हैं।
नो एंट्री में दौड़ते ईंटों से भरे ट्रक पर चढ़ने की कोशिश, हाथ छूटा तो पहिए के नीचे आया मजदूर / Shivpuri News



