,

बदरवास पुलिस की कार्रवाई: दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद; कीमत करीब 1.40 लाख रुपये / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बदरवास थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बदरवास पुलिस ने सुमेला हाईवे ओवरब्रिज के नीचे दबिश दी। यहां से रामलाल पुत्र नन्दराम लोडहा आदिवासी (30), निवासी बड़ेरा, थाना कोलारस और रामहेत पुत्र अतरसिंह गुर्जर (25), निवासी मदनपुर, थाना बदरवास को पकड़ा गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक एचएफ डीलक्स, एक बजाज प्लेटिना और एक काले-लाल रंग की टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल बरामद की। एचएफ डीलक्स का चेसिस नंबर घिसा हुआ पाया गया, जबकि बजाज प्लेटिना पर नंबर प्लेट नहीं थी।

इस मामले में बदरवास थाने में अपराध क्रमांक 357/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 317(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी नवीन यादव, उपनिरीक्षक नोवेल खेस, प्रधान आरक्षक अनित बुनकर, आरक्षक पुष्पेंद्र रावत, चालक दीनू रघुवंशी और आरक्षक सदन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।