अमोलपठा शराब कांड में सरपंच पति भरत परिहार की कथित भूमिका की जांच की मांग, मुकेश कुमार शासक ने राष्ट्रपति-राज्यपाल को भेजा ज्ञापन / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के अमोलपठा शराब कांड को लेकर सरपंच पति भरत परिहार की कथित भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठी है। मूलनिवासी संघर्ष सेना एवं मूलनिवासी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार शासक ने 14 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपति और मध्य प्रदेश के राज्यपाल के नाम ज्ञापन प्रस्तुत कर मामले में निष्पक्ष जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में शिकायतकर्ता की ओर से सरपंच पति भरत परिहार की कथित भूमिका का उल्लेख करते हुए दावा किया गया है कि मामले से जुड़े छह साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों से संबंधित जानकारी उपलब्ध है। संगठन ने इन साक्ष्यों की विधिवत जांच कर संबंधित व्यक्तियों की भूमिका स्पष्ट करने की मांग की है।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि अमोलपठा शराब कांड की जांच किसी सक्षम वरिष्ठ अधिकारी अथवा स्वतंत्र जांच दल से कराई जाए। शिकायतकर्ता की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों की निष्पक्षता से जांच हो और यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता प्रमाणित होती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही शिकायतकर्ता एवं गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अब तक हुई पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करने तथा जांच की स्थिति से शिकायतकर्ता को लिखित रूप में अवगत कराने की मांग भी रखी गई है।