Press "Enter" to skip to content

दतिया में लॉक डाउन के प्रथम 2 सप्ताह में जनता से मिले सहयोग पर एसपी राठौड़ ने जताया आभार, तीसरे सप्ताह में भी सहयोग की अपील की।

शैलेन्द्र बुन्देला,दतिया
जिले के एसपी अमन सिंह राठौड़ ने वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए देश व्यापी 21 दिन के लॉकडाउन के प्रथम दो सप्ताह में दतिया जिले वासियों से मिले सहयोग के लिए बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए धन्यबाद ज्ञापित कर आभार माना साथ ही तीसरे सप्ताह में भी लोगों से  लॉक डाउन का पालन करते हुए सोशल डिस्टेंस बनाए रखने की अपील की। ज्ञातव्य हैं कि दतिया जिले में जिला प्रशासन, समाज सेवी संगठन, जन प्रतिनिधियों की सक्रियता, जागरूकता व आम जनता के सहयोग के कारण एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं हैं।

 पुलिस अधीक्षक ने  जिले के नागरिकों से यह की अपील-

सभी सम्मानित दतियावासियों को नमस्कार
सर्वप्रथम मैं आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं कि राष्ट्रव्यापी 21 दिवसीय लॉक डाउन के प्रथम 2 सप्ताह में आप लोगों ने असीम धैर्य और सहयोग का परिचय दिया है।  आप सभी लोगों के सहयोग के कारण ही यह संभव हो पाया है कि हमारा दतिया जिला अभी भी इस वैश्विक संकट से सुरक्षित है।
           हम सभी लोग जानते हैं कि यह समय प्रत्येक व्यक्ति के लिए कठिनाई का समय है, किंतु जब संकट बड़ा होता है तो हमारी जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। यह सर्वविदित हैं कि अब हम इस लॉक डाउन के अंतिम सप्ताह में प्रवेश कर चुके हैं, अतः हमें और भी अधिक सतर्क और सचेत रहने की आवश्यकता है। एक छोटी सी लापरवाही भी पूरे समाज के लिए संकट खड़ा कर सकती है।
           एक तरफ मुझे अत्यंत संतोष है कि जिले के अधिकतम लोग नियमों का पालन कर रहे हैं, तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं, किंतु मुझे दुख भी है कि कुछ लोग अभी भी परिस्थितियों की गंभीरता को नहीं समझ रहे हैं। मैं कल शाम को शहर के पैदल भ्रमण पर निकला तो कुछ लोग शहर की छोटी-छोटी तंग गलियों में अनावश्यक बैठकर बातें करते नजर आए। इसी प्रकार छोटे-छोटे बच्चे भी गलियों में खेल रहे थे। बच्चे तो मासूम होते हैं किंतु उनके माता-पिता का यह दायित्व है कि अपने बच्चों को अनावश्यक घर से बाहर ना निकलने दें। एक छोटी सी चूक भी उनके जीवन के लिए संकट बन सकती है, इस बात की गंभीरता को समझने की सभी को आवश्यकता है। 
          मैं आप सभी से विनम्र अनुरोध करता हूं कि समाज को कोरोना वायरस से सुरक्षित रखने के लिए चलाए जा रहे मिशन में आप सभी लोग अपना योगदान दें। आप में से जो भी व्यक्ति सोशल मीडिया से जुड़ा हो वह अपने मित्रों को यह समझाएं कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, तथा शासन द्वारा जारी किए गए निर्देशो को गंभीरता से लें। 
      साथियों इस संकट से लड़ने के लिए हमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग चाहिए। कोरोना वायरस की संक्रमण की कड़ी को यदि तोड़ना है तो आज हम सभी को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से वहन करनी होगी। मुझे पूर्ण विश्वास है कि दतिया जिले का प्रत्येक निवासी कृतसंकल्प होकर कोरोना को हरायेगा, तथा हमारा समाज इस संकट से विजयी होकर निकलेगा।
विनीत
अमन सिंह राठौड़
पुलिस अधीक्षक
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!