शिवपुरी। संजय कॉलोनी वार्ड क्रमांक 35 निवासी मोनिका खटीक ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पड़ोस में रहने वाले प्रशांत यादव और उसके भाई निशांत यादव पर रास्ता रोककर गाली-गलौज, जातिसूचक टिप्पणी और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि घटना के बाद उसने फिजिकल थाने में शिकायत दर्ज कराई, जहां आरोपी पक्ष द्वारा उसे कथित तौर पर धमकाने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।
शिकायत के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे मोनिका घर से कूड़ा-कचरा लेकर एकांत स्थान की ओर जा रही थी। इसी दौरान प्रशांत यादव और निशांत यादव ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि कचरा डालने को लेकर विवाद करते हुए दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज और जातिसूचक टिप्पणी की। विरोध करने पर दोनों ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट की।
मोनिका के मुताबिक, उसके चिल्लाने पर उसकी नानी आशा खटीक और मामी मंजू खटीक मौके पर पहुंचीं और उसे बचाया। शिकायत में दोनों को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है।
मोनिका ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने वह अपने भाई के साथ फिजिकल थाना पहुंची, जहां FIR क्रमांक 0216 दिनांक 01.10.2026 दर्ज की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान आरोपी और उनके सहयोगी भी थाने पहुंच गए और वहां उसे डराने-धमकाने लगे। मोनिका का दावा है कि थाने में लगे CCTV कैमरों की फुटेज से घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष द्वारा बाद में भी उसे और उसके परिवार को जान से मारने तथा बस्ती से बेदखल करने की धमकियां दी जा रही हैं। मोनिका ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में उसके या परिवार के खिलाफ दर्ज होने वाली किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।





