,

25 करोड़ की सरकारी जमीन के आगे मेडिकल कॉलेज की ज़मीन पर 36-37 दुकानों का अतिक्रमण हटाया, जेसीबी से ध्वस्त / Shivpuri News

शिवपुरी। 25 करोड़ रुपए कीमत की बेशकीमती सरकारी जमीन के आगे मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित ज़मीन पर अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। नगर पालिका, यातायात पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और करीब 36 से 37 दुकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर अतिक्रमण हटाया।

बताया गया है कि मेडिकल कॉलेज की आवंटित भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से दुकानें संचालित कर रखी थीं, जबकि कुछ अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा इन दुकानों को किराए पर दिए जाने की भी बात सामने आई है। प्रशासन द्वारा पिछले करीब एक वर्ष से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस और कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन कार्रवाई के बाद दोबारा दुकानें संचालित कर ली जाती थीं।

मंगलवार को नगर पालिका, राजस्व विभाग और यातायात विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी चलाकर अतिक्रमण को पूरी तरह हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों को स्वयं खाली कर दिया, जबकि कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया।

विरोध करने वाले कुछ लोगों को कोतवाली पुलिस थाने लेकर गई। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद मेडिकल कॉलेज की आवंटित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

बताया जा रहा है कि भविष्य में इस जमीन पर आश्रय स्थल बनाए जाने की योजना भी प्रस्तावित है। प्रशासन द्वारा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद आगे की योजना के अनुसार इसका उपयोग किए जाने की तैयारी की जा सकती है।