पोहरी। ग्राम छर्च में कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश का प्रशासन ने तत्काल पालन करते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास किए गए अवैध अतिक्रमण को 24 घंटे के भीतर हटवा दिया। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की।
दरअसल, 22 सितंबर को छर्च में आयोजित विशेष जनसुनवाई शिविर के दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा ने आमजन की समस्याएं सुनीं। इसी दौरान उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर और आसपास शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति सामने आने पर कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश मिलते ही पोहरी एसडीएम जेपी गुप्ता ने राजस्व दल गठित कर कार्रवाई शुरू कराई। बुधवार को राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम छर्च पहुंची और स्कूल के पास शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।
एसडीएम जेपी गुप्ता ने बताया कि स्कूल के पास शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में हटा दिया गया है।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट है कि जनसुनवाई में सामने आने वाली समस्याओं पर अधिकारियों द्वारा तत्काल कार्रवाई की जा रही है।





